How to Store Cooler in Winter: मौसम बदलने लगा है और सर्दियों धीरे-धीरे दस्तक देने लगी हैं. ऐसे में कई घरों में तो कूलर चलाना भी बंद दिया है, अक्सर लोग गर्मियां खत्म होते ही कूलर की सफाई किए बिना उसे सीधे ढककर रख देते हैं, लेकिन ऐसा करना आपके कूलर की उम्र कम कर सकता है. कूलर में बची नमी, जमा धूल, गंदगी और पानी की वजह से उसमें बदबू आने लगती है, कई बार अगली गर्मियों में कूलर चलाने पर मोटर और पंप से जुड़ी समस्याएं झेलनी पड़ती हैं.
अगर आप चाहते हैं कि अगले सीजन में आपका कूलर बिना किसी परेशानी के चले और नया जैसा बना रहे, तो उसे पैक करने से पहले कुछ जरूरी काम जरूर कर लें. अच्छी बात यह है कि इन कामों के लिए आपको ज्यादा पैसे खर्च करने की जरूरत भी नहीं पड़ेगी. आइए कूलर पैक करने से पहले करने वाले 5 आसान कामों के बारे में जानते हैं.
कूलर का पानी पूरी तरह निकाल दें
कूलर को पैक करने से पहले सबसे जरूरी काम उसके टैंक को खाली करना है. टैंक में बचा पानी कई दिनों तक जमा रहने पर उसमें गंदगी और फिसलन जैसी परत बनने लगती है. इससे बदबू भी आ सकती है. सबसे पहले कूलर का प्लग निकालें और टैंक में बचा पानी पूरी तरह खाली कर दें. इसके बाद टैंक को साफ कपड़े या ब्रश की मदद से साफ करें. अगर उसमें गंदगी चिपकी हुई है, तो पानी और हल्के साबुन से सफाई कर सकते हैं, ध्यान रखें कि सफाई के दौरान इलेक्ट्रिक मोटर और तारों पर पानी न पड़े.
कूलिंग पैड की सफाई करना न भूलें
कूलर के कूलिंग पैड में गर्मियों के दौरान काफी धूल, मिट्टी और दूसरी गंदगी जमा हो जाती है. जब इन्हें साफ किए बिना कूलर को पैक करके रख दिया जाता है तो अगली बार इस्तेमाल करते समय हवा में सीलन जैसी बदबू आती है. कूलर के पैड अगर निकल जाते हैं, तो उन्हें सावधानी से बाहर निकालें. उनकी स्थिति के अनुसार हल्के पानी से सफाई करें. अगर पैड बहुत ज्यादा गंदे, टूटे या खराब हो चुके हैं, तो उन्हें बदलना ही बेहतर होगा. सफाई के बाद पैड को पूरी तरह सूखने दें.
पंखे और बाहरी हिस्से से हटाएं धूल
कूलर के पंखे, जाली और बाहरी हिस्से पर भी धूल जम जाती है. अगर इसे लंबे समय तक ऐसे ही छोड़ दिया जाए, तो अगली गर्मियों में सफाई करने में ज्यादा मेहनत लग सकती है. सबसे पहले कूलर का बिजली कनेक्शन पूरी तरह हटा दें. इसके बाद सूखे कपड़े या मुलायम ब्रश से बाहरी हिस्से और जाली की धूल साफ करें. पंखे की सफाई करते समय उसके ब्लेड पर ज्यादा प्रेशर न डालें, क्योंकि इससे वो मुड़ सकते हैं. इलेक्ट्रिक हिस्सों पर सीधे पानी या क्लीनर का इस्तेमाल न करें.
मोटर और वाटर पंप को चेक करें
कूलर को पैक करने से पहले उसकी मोटर और वाटर पंप को जरूर चेक कर लें. अगर गर्मियों में कूलर से अजीब आवाज आ रही थी, पानी ठीक से ऊपर नहीं पहुंच रहा था या पंप बार-बार बंद हो रहा था, तो इन समस्याओं को नजरअंदाज न करें. कूलर बंद होने पर दिखाई देने वाली गंदगी साफ करें और पाइप में किसी तरह की रुकावट तो नहीं है.
पूरी तरह सुखाकर ही कूलर को ढकें
कूलर को पैक करते समय सबसे बड़ी गलती उसे गीली हालत में ढक देना है. अंदर नमी रह जाने से बदबू और फफूंद जैसी समस्याएं पैदा हो सकती हैं. इसलिए सफाई के बाद कूलर के टैंक, पैड और दूसरे साफ किए गए हिस्सों को अच्छी तरह सूखने दें. जब कूलर पूरी तरह सूख जाए, तब उसे धूल से बचाने के लिए कवर करें. ऐसा कवर चुनें जो कूलर को धूल से बचाए और अंदर नमी फंसने न दे. कूलर को सूखी और सुरक्षित जगह पर रखें, जहां बारिश का पानी या सीलन न पहुंचे.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क