How to Organize Small Kitchen: दशहरा-दीवाली के दिनों में घर की सफाई का काम शुरू हो जाता है और रसोई की सफाई से ज्यादा सामान को व्यवस्थित रखना सबसे बड़ी चुनौती होती है. जब रसोई छोटी हो, खासकर भारतीय घरों में दाल, चावल, आटा, मसाले, तेल और तरह-तरह के डिब्बों की वजह से किचन की जगह जल्दी भर जाती है. कई बार जरूरत का सामान सामने रखने के लिए भी पर्याप्त जगह तक नहीं बचती. लेकिन थोड़ी सी समझदारी से छोटी रसोई की हर इंच जगह का सही इस्तेमाल किया जा सकता है.
इसके लिए आपको महंगे स्टोरेज सामान की जरूरत नहीं है, बस डिब्बों को सही तरीके से जमाने और खाली जगह का इस्तेमाल करने की जरूरत है. सही तरीके से अगर आप अपनी छोटी रसोई में चीजों को रखते हैं तो हर सामान आसानी से सेट हो जाता है और जरूरत के समय पर मिल भी जाता है. आइए आपको कुछ आसान तरीके बताते हैं, जिनकी मदद से आप अपनी रसोई को एकदम व्यवस्थित रख पाए.
चौकोर डिब्बों में रखें दाल-चावल
रसोई की अलमारी में गोल डिब्बे देखने में अच्छे लगते हैं और इसलिए ज्यादातर लोग इनको खरीद लेते हैं. मगर इनके बीच में जगह खाली रह जाती है. इसकी जगह चौकोर या आयताकार डिब्बे इस्तेमाल करें. ये एक-दूसरे के साथ आसानी से फिट हो जाते हैं और शेल्फ की जगह भी कम बर्बाद होती है. दाल, चावल, राजमा, छोले और दूसरे अनाज के लिए एक जैसे आकार के डिब्बे रखने से पूरी अलमारी ज्यादा व्यवस्थित दिखाई देती है.
एक शेल्फ में बनाएं दो लेवल
अगर आपकी किचन कैबिनेट में ऊपर काफी खाली जगह है, तो वहां शेल्फ राइजर का इस्तेमाल कर सकते हैं. इससे एक ही शेल्फ पर दो लेवल बन जाते हैं. ऊपर छोटे डिब्बे और नीचे बड़े डिब्बे रखे जा सकते हैं. इस तरह बिना नई अलमारी लगवाए ही स्टोरेज की जगह बढ़ जाती है.
कैबिनेट के दरवाजे को भी करें इस्तेमाल
अक्सर कैबिनेट के दरवाजे की अंदर वाली जगह खाली रहती है. यहां छोटे रैक या हुक लगाकर मसालों की छोटी डिब्बियां, फॉयल, बटर पेपर या हल्के किचन सामान रखे जा सकते हैं. इससे मैन शेल्फ पर रखे सामान के लिए ज्यादा जगह बच जाती है और वहां पर दूसरा जरूरी सामान सेट कर सकते हैं.
दीवार पर लगाएं हुक
छोटी रसोई में हर चीज को दराज या कैबिनेट में रखना जरूरी नहीं है. कप, करछी, चम्मच और छोटे बास्केट के लिए दीवार पर हुक लगाए जा सकते हैं. यह दिखने में भी सुंदर लगते हैं और खाली दीवार का इस्तेमाल करने से काउंटर और दराज में भी काफी स्पेस मिल जाता है.
हर डिब्बे पर लगाएं लेबल
एक जैसे डिब्बों में दाल, चावल और मसाले रखने के बाद कई बार समझ नहीं आता कि किसमें क्या रखा है. ऐसे में छोटे लेबल काफी काम आते हैं, हर डिब्बे पर सामान का नाम लिख दें. इससे खाना बनाते समय डिब्बे खोलकर देखने की जरूरत नहीं पड़ेगी और किचन भी साफ-सुथरा दिखाई देगा.
रोज इस्तेमाल होने वाला सामान अलग रखें
जो चीजें रोज इस्तेमाल होती हैं, उन्हें बार-बार अलमारी के अंदर रखने के बजाय आसानी से पहुंचने वाली जगह पर रखें. जैसे चीनी, नमक, चायपत्ती या रोज की दाल. इसके लिए आसानी से खुलने वाले कंटेनर या डिस्पेंसर रखे जा सकते हैं. इससे हर बार बड़ा डिब्बा खोलने और बंद करने की झंझट कम होती है.
ज्यादा अनाज एक साथ न रखें
अक्सर लोग रसोई में एक साथ सारा अनाज रखने की लगती है, लेकिन अगर आपकी रसोई छोटी है तो जरूरत से ज्यादा राशन जमा करने से बचें. 10 किलो चावल या दाल की बड़ी थैली को फर्श पर रखने के बजाय छोटे एयरटाइट डिब्बों में बांटकर रखें. अनाज को हमेशा सूखी और ठंडी जगह पर रखें, उनको गैस चूल्हे, ओवन और सीधी धूप के पास नहीं रखना चाहिए.
पुराने राशन को पहले करें इस्तेमाल
नया राशन लाने के बाद पुराने डिब्बे में ऊपर से नया अनाज डालने की गलती न करें. पहले पुराना अनाज पहले खत्म करें और फिर डिब्बे को साफ करके उसमें नया सामान भरें. इससे पुराना राशन भी समय पर खत्म हो जाएगा और नया अनाज भी पुराने के साथ मिलाने से बर्बाद नहीं होगा.
बारिश में डिब्बे जरूर चेक करें
बारिश के दौरान नमी की वजह से दाल और अनाज में कीड़े या गांठ बनने की समस्या हो सकती है. इसलिए हफ्ते में एक बार डिब्बों को खोलकर देख लें. अगर किसी डिब्बे में नमी, बदबू, गांठ या कीड़े दिखाई दें तो उसे बाकी सामान से अलग कर दें.
छोटी रसोई के लिए सबसे जरूरी नियम
छोटी किचन को व्यवस्थित रखने का सबसे आसान तरीका है कि एक चीज घर में लाएं तो एक पुरानी या गैरजरूरी चीज हटाएं. साथ ही कोशिश करें कि एक ही तरह के डिब्बे इस्तेमाल हों और हर सामान की एक तय जगह हो. इस तरह कम जगह वाली रसोई भी साफ, व्यवस्थित और इस्तेमाल करने में आसान बनाई जा सकती है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क