Small Bedroom Organization Tips: छोटे और किराये के घरों में सबसे बड़ी दिक्कत सामान रखने की होती है, क्योंकि पूरे कमरे में सामान बिखरा-बिखरा दिखाई देता है. अलमारी के अंदर भी सारा सामान नहीं आ पाता है, जिसकी वजह घर के फर्नीचर, जमीन और हर एक कोना भरा-भरा दिखता है. इस वजह से जब घर पर मेहमान आते हैं, तो लोगों को शर्मिंदगी महसूस होती है कि वो बिखरा-बिखरा सामान देखकर क्या बोलेंगे?
अगर आपके घर में भी अलमारियां छोटी-छोटी बनी हैं और उनमें सामान फिट नहीं होता है, अक्सर लोग बेड के नीचे का स्पेस खाली रखते हैं. जहां पर गंदगी जमा होने लगती है, जिसकी सफाई करने में भी दिक्कत होती है. अगर अलमारी और दराजों की जगह को बचाने के लिए आपके घर में ही एक ऐसी छिपी हुई जगह है, जहां पर सूटकेस, किताबें, जूते और बिस्तर जैसी चीजें आसानी से रखी जा सकती हैं. अगर आप सही से व्यवस्थित करके चीजों को इस जगह में रखते हैं तो आपका घर एकदम साफ भी दिखता है और इन सभी चीजों को निकालने में भी परेशानी नहीं होती है.
हम बेड के नीचे की जगह की बात कर रहे है, वैसे तो बेड के अंदर ही काफी स्पेस दिया जाता है, जहां पर आप भारी कंबल वगैरा स्टोर करके रख सकते हैं. इसके अलावा बेड के नीचे की जगह का भी भरपूर इस्तेमाल कर सकते हैं, क्योंकि बेडरूम की यह जगह खाली रहती है और सिर्फ कूड़ा-कचरा यहां पर मजा होता है. आइए जानते हैं कि बिस्तर के नीचे की जगह पर क्या-क्या चीजें स्टोर करके रखी जा सकती हैं, जिससे आपका बेडरूम ज्यादा खुला-खुला लगता है.
एक्स्ट्रा बिस्तर और चादर करें स्टोर
मेहमानों के लिए घरों में लोग एक्स्ट्रा बिस्तर रखते हैं, जो कभी-कभी इस्तेमाल किए जाते हैं. मगर इनको अलमारी के ऊपर वाले हिस्से में रखने से सारी जगह इसी से घिर जाती है, इसलिए आप इनको किसी बड़े बैग में भरकर तरीके से बेड के नीचे रख सकते हैं, इससे निकालने में भी परेशानी नहीं होती है और सामान भी सही तरीके से रखा रहता है और न ही दिखता है.
मौसमी कपड़ों को स्टोरेज बैग में रखें
घर में रसोई के बर्तन-डिब्बों के बाद कपड़े ही सबसे ज्यादा होते हैं, जिन्हें रखने के लिए जगह की कमी पड़ती है. ऐसे में मौसमी कपड़े जिनका इस्तेमाल सीजन-सीजन पर किया जाता है, उनको आप स्टोरेज बैग में पैक करके अपने बेड के नीचे वाली जगह पर सही तरीके रख सकते हैं, इससे एक तो कपड़े खराब नहीं होते हैं और दूसरा जब जरूरत हो, आप उनको आसानी से निकाल भी सकते हैं.
पार्टी-शादी के जूते-चप्पल बिस्तर के नीचे रखें
कपड़ों के बाद जूते-सैंडल की बारी आती है, रोजाना पहनकर कॉलेज-ऑफिस जाते हैं, उनको आप दरवाजे के पास शो-रैक में रख सकते हैं. मगर शादी-पार्टी में पहनकर जाने वाले जूते और सैंडल को आप बिस्तर के नीचे बॉक्स के अंदर पैक करके भी सलीके से रख सकते हैं, इससे एक तो वो गंदे नहीं होते हैं और दूसरा समय पर मिल भी जाते हैं. वरना पार्टी में जाने के लिए रेडी होने के बाद घर के हर बॉक्स को खोलकर मैचिंग जूते और सैंडल तलाश में ही सारा समय बर्बाद हो जाता है.
ट्रॉली बैग से लेकर ट्रैवल पिलो तक
ट्रैवल के सामान जिनका ट्रैवलिंग के दौरान ही यूज किया जाता है, वो घर में इधक-उधर पड़े रहते हैं, जिनकी वजह से कई बार वो खो भी जाते हैं या समय पर मिलते नहीं है. ट्रॉली बैग के अदंर आप ट्रैवल के दौरान इस्तेमाल होने वाली छोटी चीजें जैसे ट्रैवल पिलो, टॉयलेट्री बैग, पैकिंग क्यूब्स और वीकेंड बैग को पैक करके रख सकते हैं, इससे एक तो सारी चीजें एक साथ रहेंगी और दूसरा ट्रॉली बैग को भी कोने-कोने में खड़े करने की टेंशन से राहत मिल जाएगी.
पुराने खिलौने और फोटो एल्बम
घरों में बच्चों को पुराने खिलौने और फोटो एल्बम कई बार लोग संभालकर रखते हैं, इसके लिए भी आप बेड के नीचे वाले हिस्सा का इस्तेमाल कर सकते हैं. इस चीजों की रोज-रोज तो जरूरत होती नहीं है इसलिए इनको आप किसी स्टोरेज बॉक्स में भरकर बिस्तर के नीचे वाली जगह पर रख सकते हैं. प्लास्टिक के बड़े बॉक्स में भी आप इन चीजों को भरकर रख सकते हैं और सलीके से बेड के नीचे स्टोर कर दें, जो दिखने में भी सुंदर लगेगा.
पुरानी किताबों को भी करें स्टोर
अगर आपको बुक्स पढ़ने का शौक है या आपके घर में बच्चे हैं तो आप उनकी किताबों को भी स्टोर करने के लिए बेड के नीचे के हिस्से का यूज कर सकते हैं. बुक शेल्फ में कई सारी बुक्स नहीं आ पाती है या जिनकी इस समय जरूरत ना हो, उनको आप बॉक्स में भरकर बेड के नीचे रख सकते हैं.
इलेक्ट्रॉनिक सामान रखें बेड के नीचे
सर्दियों में भारत के ज्यादातर घरो में हीटर का इस्तेमाल किया जाता है, लेकिन गर्मी के दिनों में हीटर को रखने से स्पेस की कमी पड़ती है. इसलिए ऐसी इलेक्ट्राॉनिक के सामान को आप बिस्तर के नीचे से आराम से सेट करके रख सकते हैं और जब जरूरत हो तो निकाल कर यूज कर लें. अगर आपकी रसोई छोटी है, तो आप मिक्सर जार, जूसर जैसी चीजें भी यहां पर रख सकते हैं.
घर में मौजूद एक्स्ट्रा सामान को रखें
बेड के नीचे की जगह को आप सबसे ज्यादा उस चीज के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं, जो घर में एक्स्ट्रा होती है, जिनका इस्तेमाल आप महीने में एक बार करते हैं. पुराने बर्तन या क्रॉकरी सेट बगैरा जिनका इस्तेमाल मेहमानों के आने पर ही होता है, उनको आप यहां पर स्टोर करके रख सकते हैं.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क