दिवाली जैसे-जैसे पास आती है, वैसे-वैसे घरों में साफ-सफाई का काम शुरू हो जाता है. लोग धीरे-धीरे फर्श, खिड़कियां, पंखे, रसोई और बाथरूम से लेकर सोफे और पर्दों तक सब कुछ चमकाने की तैयारी करने लगते हैं. लेकिन घर की एक ऐसी जगह है, जिसकी सफाई अक्सर सबसे आखिर में याद आती है और वहां महीनों की धूल, जाले और गंदगी जमा होती रहती है. हम बात कर रहे हैं अलमारी के सबसे ऊपर बने टांड की, जिसे घर के बड़े-छोटे हर गैरजरूरी सामान को रखने के लिए इस्तेमाल किया जाता है.
टांड पर आमतौर पर ऐसे सामान रख दिए जाते हैं, जिनका इस्तेमाल रोज नहीं होता. पुराने डिब्बे, बैग, कपड़े, सजावट का सामान या दूसरे घरेलू सामान यहां पड़े रहते हैं. ये ऊंचाई पर होता है, तो लोग अक्सर इसकी सफाई भूले ही रहते हैं या आलस में टालते रहते हैं. ऐसे में इसकी सफाई का नंबर साल में एक बार ही आता है. लंबे समय तक सफाई न होने पर इन चीजों के साथ टांड पर भी धूल और जाले जम जाते हैं. अगर आप इस दिवाली घर के हर कोने को साफ-सुथरा और चमकदार बनाना चाहती हैं, तो टांड की सफाई को बिल्कुल नजरअंदाज न करें. आज हम आपको टांड को बिना ज्यादा मेहनत साफ करने की आसान ट्रिक्स बताने वाले हैं.
सबसे पहले टांड से पूरा सामान निकालें
टांड की सफाई शुरू करने से पहले उस पर रखा सारा सामान नीचे उतार लें. एक-एक चीज को कपड़े से साफ करें और देखें कि कौन-सा सामान काम का है और कौन-सा लंबे समय से बेकार पड़ा है. जो चीजें इस्तेमाल नहीं होतीं, उन्हें अलग कर दें. इससे टांड खाली होने के साथ-साथ दोबारा ऑर्गनाइज करने में भी आसानी होगी.
सूखी धूल के लिए पहले झाड़ू या डस्टर चलाएं
टांड पर अगर मोटी धूल और जाले जमा हैं, तो तुरंत गीला कपड़ा न लगाएं. सबसे पहले लंबे हैंडल वाले डस्टर, झाड़ू या माइक्रोफाइबर डस्टर से सूखी धूल और जाले हटा लें. ऐसा करने से धूल पानी के साथ चिपककर टांड पर गंदगी की परत नहीं बनाएगी.
अगर टांड काफी ऊंचा है तो कुर्सी या स्टूल पर चढ़ने की बजाय मजबूत सीढ़ी का इस्तेमाल करें. सफाई करते समय नीचे किसी व्यक्ति का होना भी बेहतर है.
जमी हुई गंदगी को ऐसे करें साफ
सिर्फ डस्टर चलाने के बाद भी अगर टांड पर धूल चिपकी रह गई है, तो माइक्रोफाइबर कपड़े को हल्का गीला करके उसे पोंछें. कपड़ा बहुत ज्यादा गीला न हो, वरना नमी लकड़ी या दूसरे मटेरियल को नुकसान पहुंचा सकती है.
जिन कोनों में हाथ आसानी से नहीं पहुंचता, वहां पुराने साफ कपड़े को लंबे डंडे या डस्टर के सिरे पर लगाकर सफाई की जा सकती है. इससे पीछे के हिस्से में जमी धूल भी आसानी से निकल जाएगी.
जालों के लिए अपनाएं ये आसान तरीका
टांड के कोनों और दीवार से लगे हिस्सों में मकड़ी के जाले जल्दी बन जाते हैं. इन्हें हटाने के लिए पहले सूखे डस्टर या झाड़ू का इस्तेमाल करें. जालों को हाथ से खींचने की कोशिश न करें, क्योंकि ऐसा करने पर वे फैल सकते हैं और दीवार पर गंदगी के निशान भी छोड़ सकते हैं. अगर वैक्यूम क्लीनर है तो उसके ब्रश अटैचमेंट से भी कोनों की सफाई आसानी से की जा सकती है. इससे धूल उड़ने के बजाय सीधे वैक्यूम हो जाती है.
टांड पर सामान रखने से पहले करें ये काम
टांड को साफ करने के बाद तुरंत सामान वापस न रखें. पहले उसे पूरी तरह सूखने दें. इसके बाद सामान को कैटेगरी के हिसाब से रखें. जिन चीजों की जरूरत कम पड़ती है, उन्हें पीछे रखें और जिनका इस्तेमाल बार-बार होता है, उन्हें आगे रखें. कपड़े या कागज से बनी चीजों को सीधे धूल वाली जगह पर रखने के बजाय बॉक्स या स्टोरेज कंटेनर में रखना बेहतर रहेगा. इससे अगली बार सफाई के समय मेहनत भी कम होगी.
दिवाली पर सिर्फ दिखने वाली जगह नहीं, टांड भी चमकाएं
दिवाली की सफाई में अक्सर वही जगहें पहले साफ की जाती हैं जो सामने दिखाई देती हैं. लेकिन टांड जैसी ऊंची जगहों पर जमा धूल और जाले पूरे घर की सफाई को अधूरा छोड़ सकते हैं. इसलिए इस बार दिवाली की क्लीनिंग लिस्ट में टांड को भी जरूर शामिल करें.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क