घर को सजाने के लिए आजकल लोग तरह-तरह की लाइटिंग्स लगाते हैं. लेकिन एक चीज मानों सभी के घर में मिल जाती है और वो है लिविंग रूम में लगा झूमर. किसी के घर में बड़ा तो कोई अपने घर में छोटा झूमर लगाता है. लिविंग रूम में लगा ये खूबसूरत झूमर पूरे कमरे की रौनक बढ़ा देता है. इसकी रोशनी और चमक घर को शानदार लुक देती है. लेकिन परेशानी तब होती है, जब झूमर पर धीरे-धीरे धूल जमने लगती है. कांच और क्रिस्टल पर गंदगी की परत चढ़ने से इसकी चमक फीकी पड़ जाती है और महंगा झूमर भी पुराना दिखने लगता है.
अक्सर लोग झूमर की सफाई को मुश्किल काम समझकर टालते रहते हैं. कुछ लोग इसे साफ करने के लिए महंगे क्लीनर खरीदते हैं, तो कुछ को डर रहता है कि सफाई करते समय कांच टूट न जाए. लेकिन सही तरीका अपनाकर आप घर पर ही झूमर की सफाई कर सकते हैं. इसके लिए आपको बार-बार झूमर उतारने या महंगे क्लीनर पर पैसे खर्च करने की जरूरत नहीं है. आज हम आपको झूमर साफ करने के लिए घर पर एक खास स्प्रे बनाना सिखाने वाले हैं, जिसकी मदद से सफाई आसानी से हो जाएगी. आइए जानते हैं कि कांच और क्रिस्टल वाले झूमर को साफ करने के लिए घर पर स्प्रे कैसे बनाएं और किन बातों का ध्यान रखें.
झूमर साफ करने के लिए इन चीजों की होगी जरूरत
नोट: अगर झूमर पर खास कोटिंग या धातु की डेकोरेशन है, तो अल्कोहल इस्तेमाल करने से पहले चेक कर लें कि इससे उसे नुकसान तो नहीं पहुंचेगा.
घर पर कैसे बनाएं झूमर साफ करने वाला स्प्रे?
कांच और क्रिस्टल वाले झूमर की सफाई के लिए आइसोप्रोपाइल अल्कोहल और पानी का घोल बनाकर इस्तेमाल किया जा सकता है. इसके लिए एक हिस्सा आइसोप्रोपाइल अल्कोहल और चार हिस्से पानी मिलाकर घोल तैयार करें. इसे एक साफ स्प्रे बोतल में भर लें.
ध्यान रखें कि इस घोल को झूमर पर सीधे छिड़कने के बजाय माइक्रोफाइबर कपड़े पर लगाना अच्छा रहता है. इससे लिक्विड का झूमर के बिजली वाले हिस्सों, सॉकेट और तारों तक पहुंचने का खतरा कम होता है. अगर आपके झूमर पर खास तरह की पॉलिश या कोटिंग है, तो सफाई करने से पहले पहले पैच टेस्ट जरूर कर लें.
बिना झूमर उतारे ऐसे करें सफाई
1. सबसे पहले बिजली का कनेक्शन बंद करें: झूमर की सफाई शुरू करने से पहले लाइट बंद कर दें और बिजली के सर्किट से उसका कनेक्शन पूरी तरह काट दें. केवल दीवार का स्विच बंद करना काफी नहीं होता है. सफाई से पहले झूमर को ठंडा होने दें और हाथों को सूखा रखें.
2. सूखे कपड़े से हटाएं धूल: सबसे पहले साफ और मुलायम कपड़े से झूमर पर जमी धूल को धीरे-धीरे साफ करें. कांच और क्रिस्टल को जोर से रगड़ने से बचें. इससे धूल हट जाएगी और सफाई के दौरान कांच पर खरोंच पड़ने का खतरा भी कम होगा.
3. कपड़े पर छिड़कें घर का बना स्प्रे: अब माइक्रोफाइबर कपड़े पर तैयार किया गया थोड़ा-सा घोल लगाएं. इसके बाद झूमर के कांच और क्रिस्टल वाले हिस्सों को हल्के हाथों से साफ करें. एक बार में छोटे हिस्से की सफाई करें, ताकि हर क्रिस्टल को अच्छी तरह साफ किया जा सके. झूमर पर सीधे स्प्रे बिल्कुल न करें.
4. सूखे कपड़े से पोंछें: घोल से सफाई करने के बाद दूसरे साफ और सूखे माइक्रोफाइबर कपड़े से कांच को पोंछ लें. इससे नमी और पानी के निशान हटाने में मदद मिलेगी. क्रिस्टल के किनारों और छोटे हिस्सों को भी ध्यान से साफ करें, ताकि उन पर गंदगी न रह जाए.
5. झूमर को पूरी तरह सूखने दें: सफाई पूरी होने के बाद झूमर को अच्छी तरह सूखने दें. जब तक उसके सभी हिस्से पूरी तरह सूख न जाएं, तब तक बिजली का कनेक्शन चालू न करें. अगर झूमर के हिस्से निकालकर साफ किए हैं, तो उन्हें सही जगह पर ध्यान से लगाएं.
झूमर की सफाई करते समय इन गलतियों से बचें
झूमर की सफाई करते समय जल्दबाजी करना भारी पड़ सकता है. अगर झूमर काफी ऊंचाई पर लगा है, तो ऐसी कुर्सी का इस्तेमाल ना करें जो हिलती रहती हो. इसके साथ ही कमजोर सीढ़ी पर चढ़कर भी सफाई न करें. जरूरत पड़ने पर किसी प्रोफेशनल की मदद लें. भारी झूमर को खुद उतारने की कोशिश करने से भी बचें.
इसके अलावा, कांच या क्रिस्टल पर सीधे पानी या क्लीनिंग स्प्रे न डालें. झूमर के धातु वाले हिस्सों पर अल्कोहल का इस्तेमाल करने से पहले इंस्ट्रक्शंस जरूर पढ़ें. अगर झूमर में कपड़े, लकड़ी, पेंट की गई सजावट या नाजुक फिनिश है, तो उसके लिए अलग सफाई का तरीका जरूरी हो सकता है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क