तेज धूप, उमस और बढ़ता तापमान में शरीर की एनर्जी जल्दी लो हो जाती है. ऐसे मौसम में शरीर को हेल्दी रखने के लिए अपने खानपान पर खास ध्यान रखना होता है. गर्मी और पसीने की वजह से शरीर में पानी की कमी होने लगती है, जिससे थकान, कमजोरी और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं.
इसलिए इन दिनों ज्यादा से ज्यादा फल खाने चाहिए, क्योंकि फल शरीर को हाइड्रेट रखने के साथ-साथ जरूरी पोषक तत्व भी देते हैं. आइए जानते हैं इस मौसम में मिलने वाले 5 ऐसे फलों के बारे में, जो गर्मियों में आपकी सेहत के लिए बेहद फायदेमंद साबित हो सकते हैं.
आम
गर्मियों का मौसम और आम का जिक्र न हो, ऐसा हो ही नहीं सकता. स्वाद और खुशबू से भरपूर आम में विटामिन ए, विटामिन सी और कई एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं. यह बॉडी को एनर्जी देने के साथ स्किन और आंखों के लिए हेल्दी माने जाते हैं. सीमित मात्रा में आम का सेवन गर्मियों में स्वाद और पोषण दोनों देता है.
तरबूज
तरबूज गर्मियों का सबसे पसंदीदा फल माना जाता है. इसमें लगभग 90 प्रतिशत से अधिक पानी होता है, जो शरीर में पानी की कमी को पूरा करने में मदद करता है. यह शरीर को ठंडक पहुंचाने के साथ-साथ लंबे समय तक फ्रेशनेस बनाए रखने में भी मदद करते हैं. इसके अलावा इसमें मौजूद लाइकोपीन और अन्य पोषक तत्व हेल्थ के लिए फायदेमंद माने जाते हैं.
लीची
गर्मी और बारिश के मौसम में बाजार में ताजी लीची खूब देखने को मिलती है. इसका मीठा और रसदार स्वाद बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आता है. लीची में विटामिन सी और एंटीऑक्सीडेंट भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं, जो इम्यूनिटी को मजबूत बनाने में मदद कर सकते हैं. हालांकि, इसका सेवन संतुलित मात्रा में ही करना चाहिए.
पपीता
पपीता एक ऐसा फल है जिसे हर मौसम में खाया जा सकता है, लेकिन गर्मियों में यह खासतौर पर फायदेमंद माना जाता है. इसमें मौजूद एंजाइम डाइजेशन प्रोसेस को बेहतर बनाने में मदद करते हैं, साथ ही यह फाइबर, विटामिन सी और अन्य पोषक तत्वों का अच्छा सोर्स है. नियमित रूप से पपीता खाने से पेट हल्का महसूस हो सकता है.
खरबूजा
खरबूजा गर्मियों में शरीर को ठंडक पहुंचाने वाले फलों में शामिल है. इसमें पानी, फाइबर और कई जरूरी विटामिन भरपूर मात्रा में पाया जाते हैं. यह शरीर को हाइड्रेट रखने के साथ डाइजेस्टिव सिस्टम को भी सपोर्ट करता है. दोपहर के समय खरबूजा खाना शरीर को ताजगी और एनर्जी देने का अच्छा ऑप्शन है.
गर्मी में शरीर को स्वस्थ और हाइड्रेटेड रखने के लिए मौसमी फलों को अपनी डाइट का हिस्सा बनाना एक आसान और स्वादिष्ट तरीका है. आम, तरबूज, लीची, पपीता और खरबूजा न केवल गर्मी से राहत दिलाते हैं बल्कि शरीर को जरूरी पोषण भी प्रदान करते हैं.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क