दिल्ली में पूर्व केंद्रीय मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन के बेटे अरबाज की ग्रैंड वेडिंग सुर्खियों में बनी हुई है, जिसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल भी हो रही हैं. अरबाज का निकाह कांग्रेस विधायक और हरियाणा के पूर्व मंत्री मोहम्मद अकरम खान की बेटी अफशां के साथ हुआ है. उनके निकाह और रिसेप्शन में कई बड़ी हस्तियां शामिल हुईं.
निकाह के जोड़े में अफशां बेहद प्यारी लग रही हैं और अरबाज भी शेरवानी में बहुत जंच रहे हैं. कांग्रेस और बीजेपी के तमाम नेता अरबाज और अफशां के निकाह और रिसेप्शन में शरीक हुए और दोनों बच्चों को अपना आशीर्वाद दिया. निकाह की जो तस्वीरें सामने आई हैं, उसमें अफशां और अरबाज स्टेज पर खड़े हैं और दोनों वेडिंग लुक में बहुत अच्छे लग रहे हैं.
लाल लहंगे में दुल्हन बनीं अफशां
अफशां ने अपने निकाह के खास मौके पर गहरे लाल रंग का लहंगा पहना, जिसमें वो बहुत खूबसूरत लग रही थीं. जहां आजकल न्यूड शेड्स के आउटफिट का ट्रेंड काफी चल रहा है, ऐसे अफशां ट्रेडिशनल रेड लहंगे में बहुत प्यारी लग रही हैं. उनके लहंगे पर जरी, गोटा-पट्टी और सिल्क का बारीक एम्ब्रॉयडरी वर्क था. मेहराबदार पैटर्न वाले इस लहंगे के साथ उन्होंने डीप वी नेक चोली पहनी थी और नेट का दुप्पटा स्टाइल किया था.
सोने के गहने से सजीं दुल्हन
सबसे खास बात यह थी कि उन्होंने इसके साथ में सोने की जूलरी कैरी की थी, जो उनकी लुक में चार चांद लगा रही थी. दुल्हन ने गले में गोल्डन चोकर हार, लेयर्ड नेकलेस, मांग टीका, पासा टीका और बारीक डिजाइन की नथ पहनी थी. इसके साथ ही हाथों में लाल-सुनहरी चूड़ियों और कंगन का सेट से उन्होंने अपने लुक को कंप्लीट किया. सादगी भरे अंदाज से भी दुल्हन ने सबका ध्यान अपनी तरफ खींच लिया.
शेरवानी में दूल्हे का दिखा रॉयल लुक
दूल्हे सैयद अरबाज हुसैन ने क्रीम और ऑफ-व्हाइट शेड की टेक्सचर्ड शेरवानी पहनी, जिस पर ऑल-ओवर सेल्फ-जरी वर्क था. सिर पर क्रीम-गोल्डन शेड की साफा और कंधे पर फ्रिंज बॉर्डर वाला एम्बेलिश्ड दुपट्टा कैरी किया था. अफशां के रेड एंड गोल्डन लहंगे के साथ अरबाज की शेरवानी खूब जंच रही थी और दोनों का अंदाज काफी अच्छा लग रहा था.
रिसेप्शन में पहुंचे बड़े-बड़े नेता
अरबाज और अफशां के निकाह के साथ रात को रिसेप्शन भी रखा गया था, जिसमें कई कांग्रेस और बीजेपी समेत दूसरी पार्टियो के भी कई दिग्गज नेता और पत्रकार भी शामिल हुए. रिसेप्शन में चिराग पासवान, महाराष्ट्र सीएम देवेंद्र फडणवीस, पप्पू यादव, नित्यानंद राय, अनुराग ठाकुर, संजय सरावगी , डा. संजय मयुख और भारत के पूर्व राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद भी शामिल हुए.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क