Bharti Singh Transformation: करवा चौथ के मौके पर जब हर तरफ बॉलीवुड और टीवी सितारों के खूबसूरत ट्रेडिशनल लुक की चर्चा हो रही है, तो कॉमेडी क्वीन भारती सिंह भी अपने अंदाज से लाइमलाइट बटोर रही हैं. हमेशा अपनी हाजिरजवाबी, चुलबुले अंदाज और मजेदार बातों से लोगों को हंसाने वाली भारती इस बार अपने बदले हुए लुक से फैंस को चौंका रही हैं. करवा चौथ के खास मौके पर उन्होंने गुलाबी रंग के खूबसूरत सूट में ऐसा सजना-संवरना चुना कि वह किसी नई नवेली दुल्हन से कम नहीं लग रही थीं.
भारती ने इस खास दिन के लिए पूरे सोलह शृंगार किए. मांग में सिंदूर, माथे पर बिंदी, हाथों में चूड़ियां और चेहरे पर प्यारी सी मुस्कान के साथ उनका देसी अंदाज देखते ही बन रहा है. वहीं पति हर्ष लिंबाचिया के साथ उनकी रोमांटिक तस्वीरों ने भी फैंस का दिल जीत लिया. दोनों की शानदार केमिस्ट्री और दूसरी प्रेग्नेंसी के बाद भारती का ट्रांसफॉर्मेशन की झलक तस्वीरों में साफ दिख रही है. फैंस की नजर उनके बदले हुए फिगर पर भी टिक गई है. तस्वीरों में भारती पहले के मुकाबले काफी स्लिम और फिट नजर आ रही हैं.
गुलाबी सूट में भारती का खूबसूरत ट्रांसफॉर्मेशन
करवा चौथ के मौके पर भारती सिंह ने शानदार एथनिक लुक चुना. उन्होंने गुलाबी और लाल रंग के कॉम्बिनेशन वाला खूबसूरत सूट पहना, जिस पर बारीक कढ़ाई की गई है. इसके साथ मैचिंग दुपट्टा उनके लुक को और भी खास बना रहा है. उनके बनारसी दुपट्टे के बॉर्डर पर भारी लेस लगी थी. दुपट्टे का पीली-हरी फूल-पत्तियों वाला डिजाइन इसकी खूबसूरती बढ़ रहा है.
इस पूरे आउटफिट में भारती बेहद खूबसूरत लग रही हैं. हालांकि, उनके लुक से ज्यादा लोगों का ध्यान उनके बदले हुए अंदाज पर जा रहा है. तस्वीरों में भारती काफी पतली और स्लिम दिखाई दे रही हैं. लोगों के मन में एक ही सवाल है आखिर दूसरे बेटे काजू के जन्म के बाद उन्होंने इतनी जल्दी वजन घटाया कैसे. उनका यह ट्रांसफॉर्मेशन देखकर फैंस भी उनकी तारीफ कर रहे हैं.
मांग में सिंदूर, बालों में गजरा, भारती ने किया सोलह शृंगार
भारती ने करवा चौथ के मौके पर अपने लुक को पारंपरिक टच देने में कोई कसर नहीं छोड़ी. उन्होंने मांग में लंबा सिंदूर लगाया और माथे पर छोटी सी बिंदी सजाई. बालों में लगा गजरा उनकी खूबसूरती को और बढ़ा रहा है. उन्होंने अपने लुक की खूबसूरती को बढ़ाने के लिए भारी-भरकम ईयररिंग्स और हाथों में लाल चूड़ियां पहनीं. भारती ने अपने सुहागन लुक को कंप्लीट करने के लिए हाथों में खूबसूरत मेहंदी लगाई.
पति हर्ष के साथ दिया रोमांटिक पोज
करवा चौथ की तस्वीरों में भारती अपने पति हर्ष लिंबाचिया के साथ भी नजर आईं. दोनों ने साथ में कई खूबसूरत पोज दिया. एक तस्वीर में कपल पूजा की थाली हाथ में लेकर कैमरे के सामने मुस्कुराता दिख रहा है. वहीं दूसरी तस्वीर में भारती हाथ में सजी हुई छलनी लिए नजर आ रही हैं. दोनों के चेहरे की खुशी और उनकी प्यारी बॉन्डिंग तस्वीरों में साफ दिखाई दे रही है.
छलनी लेकर किया चांद का दीदार
भारती ने करवा चौथ की रस्मों को भी पूरे पारंपरिक अंदाज में निभाया. हाथों में पूजा की थाली और छलनी लिए उनका अंदाज त्योहार की खूबसूरती को बयां कर रहा है. पति हर्ष के साथ उनकी ये तस्वीरें फैंस को खूब पसंद आ रही हैं. गुलाबी सूट, सोलह शृंगार और पहले से ज्यादा स्लिम दिखती भारती का यह करवा चौथ लुक सोशल मीडिया पर चर्चा में बना हुआ है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क