बोनी कपूर की बेटी और अर्जुन कपूर की बहन अंशुला कपूर ने. अंशुला 6 जुलाई 2026 को अपने लॉन्ग टाइम बॉयफ्रेंड रहे रोहन ठक्कर के साथ शादी के बंधन में बंध गईं. उनका दुल्हन वाला लुक ऊपर से नीचे तक लाजवाब था. लेकिन इस लुक की सबसे खास चीज उनका लहंगा या जूलरी नहीं, बल्कि उनका दुपट्टा रहा.
दरअसल, हर दुल्हन चाहती है कि उसकी शादी के दिन कोई ऐसी चीज उसके साथ हो, जो उसे अपने सबसे करीब इंसान की याद दिलाए. अंशुला के लिए वो चीज उनकी दिवंगत मां मोना शौरी कपूर का 42 साल पुराना दुपट्टा था. शादी के दिन अंशुला ने अपनी मां का वही गोल्ड टिश्यू और जरदोजी वाला दुपट्टा ओढ़ा. अंशुला ने बताया कि दुल्हन बनने का उनका सबसे बड़ा सपना यही था कि वह अपनी मां के इस दुपट्टे को अपने साथ रखें. उनकी ये इमोशनल पोस्ट सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत रही है.
42 साल पुराने मां के दुपट्टे को बनाया ब्राइडल लुक की जान
अंशुला कपूर ने इंस्टाग्राम पर अपनी शादी की खूबसूरत तस्वीरें शेयर करते हुए बताया कि जब उन्होंने दुल्हन बनने के बारे में सोचा था, तब से उन्हें सिर्फ एक बात पक्की पता थी. वो ये थी कि वो अपनी मां मोना शौरी कपूर का 42 साल पुराना गोल्ड टिश्यू और जरदोजी वाला दुपट्टा जरूर पहनेंगी.
उन्होंने लिखा कि बाकी पूरा ब्राइडल लुक इसी दुपट्टे को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है. उनके लिए ये दुपट्टा सिर्फ एक कपड़ा नहीं, बल्कि मां की याद और प्यार का एहसास था.
'नई जिंदगी शुरू कर रही थी, तो मां का आंचल साथ होना जरूरी था'
अपनी पोस्ट में अंशुला ने बेहद भावुक शब्दों में लिखा कि जिस दिन वो अपनी नई जिंदगी और एक नए परिवार की शुरुआत कर रही थीं, उस दिन उन्हें सबसे सही यही लगा कि वो उसी आंचल में लिपटी रहें जिसने उन्हें सबसे पहले प्यार और सुरक्षा का एहसास दिया था.
अंशुला का कहना है कि ये दुपट्टा उनके लिए शादी में मां की मौजूदगी जैसा था. इसी वजह से उन्होंने अपनी शादी के सबसे खास दिन इसे अपने साथ रखा.
देशभर की पारंपरिक कारीगरी से तैयार हुआ ब्राइडल आउटफिट
अंशुला का ब्राइडल लुक मशहूर फैशन डिजाइनर तरुण तहिलियानी ने तैयार किया था. उनके ब्राइडल लहंगे को स्टाइलिस्ट मोहित राय और रुचि कृष्णा ने डिजाइन कॉन्सेप्ट के साथ तैयार किया. उनके ब्राइडल लहंगे में भारत की कई पारंपरिक कारीगरी को उकेरा गया. इसमें बारीक कशीदा कढ़ाई, भारी जरी वर्क और एंटीक रोज, ब्लश पिंक व म्यूटेड गोल्ड कलर्स का खूबसूरत कॉम्बिनेशन देखने को मिला.
ससुराल और मायके दोनों को दिया खास सम्मान
अंशुला ने अपने ब्राइडल लुक में सिर्फ मां की याद ही नहीं, बल्कि अपने नए परिवार यानी ससुराल और अपनी जड़ों को भी खास जगह दी. उन्होंने मां के दुपट्टे के साथ बांधनी घरचोला दुपट्टा भी कैरी किया, जो उनके ससुराल का सम्मान था, जिसमें वह शादी करके जुड़ने जा रही थीं. वहीं आउटफिट पर बने फुलकारी बॉर्डर उनकी पंजाबी विरासत को दर्शा रहे थे.
दुल्हन के लुक में दिखा इमोशन और एलिगेंस का खूबसूरत मेल
अंशुला ने अपने लुक को हैवी लेकिन एलिगेंट जूलरी और सॉफ्ट मेकअप के साथ कंप्लीट किया. पूरे ब्राइडल लुक में ट्रेडिशनल भारतीय कारीगरी, परिवार की विरासत और मां की याद का खूबसूरत कॉम्बिनेशन देखने को मिला.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क