OBC क्रीमी लेयर मामले में सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई, केंद्र ने मांगा 2 साल का समय

केंद्र सरकार ने ओबीसी क्रीमी लेयर से जुड़े सुप्रीम कोर्ट के 11 मार्च के आदेश को लागू करने के लिए 2 साल का समय मांगा है. केंद्र ने कहा कि 6 महीने में इसे लागू करना संभव नहीं है. सरकार के मुताबिक, आदेश को पिछली तारीख से लागू करने पर 2012 से नौकरी कर रहे उम्मीदवारों की सेवा और मौजूदा आईएएस-आईपीएस अधिकारियों की सीनियरिटी व प्रमोशन पर असर पड़ेगा.

Advertisement
सरकार ने अदालत से इस मामले में अपने पक्ष और आपत्तियों को रिकॉर्ड पर लेने की मांग की है. (File photo- ITG) सरकार ने अदालत से इस मामले में अपने पक्ष और आपत्तियों को रिकॉर्ड पर लेने की मांग की है. (File photo- ITG)

संजय शर्मा

  • नई दिल्ली,
  • 24 सितंबर 2026,
  • अपडेटेड 9:07 PM IST

ओबीसी क्रीमी लेयर तय करने के सुप्रीम कोर्ट के 11 मार्च के फैसले को लागू करने के मामले में केंद्र सरकार ने दो साल का समय मांगा है. जस्टिस पी.एस. नरसिम्हा की अध्यक्षता वाली पीठ के सामने केंद्र सरकार ने कहा कि मार्च में दिए गए आदेश को छह महीने के भीतर लागू करना संभव नहीं है. सरकार ने अदालत से इस मामले में अपने पक्ष और आपत्तियों को रिकॉर्ड पर लेने की मांग की है.

Advertisement

केंद्र सरकार की ओर से कहा गया कि क्रीमी लेयर का दर्जा तय करने और नई नीति बनाने के लिए पर्याप्त समय की जरूरत है. सरकार के मुताबिक, इस नीति को इस तरह तैयार करना होगा कि ओबीसी उम्मीदवारों के साथ किसी तरह का भेदभाव न हो और नियमों को लागू करने में व्यावहारिक दिक्कतें न आएं.

पिछली तारीख से लागू करने पर क्या होगी दिक्कत?

केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट को बताया कि अगर मार्च के आदेश को पिछली तारीख से लागू किया जाता है तो इसका असर पहले से नौकरी कर रहे उम्मीदवारों पर पड़ेगा. सरकार के मुताबिक, साल 2012 से नौकरी कर रहे उम्मीदवारों को पिछली तारीख से सेवा का आवंटन करना पड़ सकता है.

केंद्र ने कहा कि इसका सीधा असर मौजूदा आईएएस और आईपीएस अधिकारियों की वरिष्ठता और पदोन्नति पर पड़ सकता है. इसके अलावा राज्य स्तर पर होने वाली भर्तियों और शैक्षणिक संस्थानों में दाखिले पर भी इसका असर पड़ने की आशंका है.

Advertisement

सरकार का कहना है कि इतने बड़े स्तर पर बदलाव को लागू करने से पहले इसके प्रशासनिक और कानूनी प्रभावों का अध्ययन करना जरूरी है. इसी वजह से केंद्र ने अदालत से दो साल का समय देने का आग्रह किया है.

क्या था सुप्रीम कोर्ट का 11 मार्च का फैसला?

दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने 11 मार्च को ओबीसी क्रीमी लेयर से जुड़े मामले में अहम फैसला दिया था. अदालत ने कहा था कि ओबीसी क्रीमी लेयर का दर्जा केवल माता-पिता की आय या वेतन के आधार पर तय नहीं किया जा सकता. अदालत ने स्पष्ट किया था कि क्रीमी लेयर तय करने में माता-पिता की नौकरी के पद और सामाजिक स्थिति जैसे पहलुओं को भी देखा जाना जरूरी है.

फैसले के बाद केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया. केंद्र ने मार्च के आदेश में बदलाव की मांग करते हुए कहा कि ओबीसी क्रीमी लेयर से जुड़ी नई नीति को पिछली तारीख से लागू करने के बजाय भविष्य में लागू करने की अनुमति दी जाए.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »