कर्नाटक के मैसूर में एक महिला ने अपने 50 साल के पति की गला दबाकर हत्या कर दी. आरोपी पत्नी ने शुरुआत में इस हत्या को हार्ट अटैक साबित करने की कोशिश की थी. मृतक की पहचान नित्यानंद के रूप में हुई है, जो एक कार शोरूम में काम करते थे.
नित्यानंद अपनी पत्नी सुशीला के साथ रहते थे. सुशीला एक प्राइवेट स्कूल में टीचर है. पुलिस के मुताबिक, कपल की कोई संतान नहीं थी.
रविवार रात को मैसूर के कुवेम्पुनगर इलाके में रहने वाले नित्यानंद शराब के नशे में घर लौटे थे. जब वो सो रहे थे, तब सुशीला ने एक रस्सी से उनका गला दबाकर उनकी जान ले ली.
पहले दिल का दौरा पड़ने का नाटक किया
हत्या करने के बाद सुशीला ने नित्यानंद के भाई को फोन करके बताया कि नित्यानंद को दिल का दौरा पड़ा है. जब भाई घर पहुंचा, तो उसे नित्यानंद के गले पर चोट के निशान दिखाई दिए. इससे उसे सुशीला पर शक हुआ और उसने तुरंत पुलिस को मामले की जानकारी दी.
पारिवारिक विवाद और वित्तीय मुद्दे बने वजह
पुलिस की शुरुआती पूछताछ के दौरान आरोपी सुशीला ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. पुलिस को शक है कि दोनों के बीच लंबे समय से पैसों और संपत्ति से जुड़े मुद्दों को लेकर पारिवारिक विवाद चल रहा था. इसके साथ ही, संतान न होने की वजह से भी दोनों के बीच तनाव रहता था.
पुलिस ने ये भी बताया कि सोमवार सुबह नित्यानंद के दोस्त दर्शन उनके घर पहुंचे थे. नित्यानंद ने जब उनका फोन नहीं उठाया तो वो उन्हें देखने घर आए थे. दर्शन के बार-बार दरवाजा खटखटाने के बावजूद सुशीला ने काफी देर तक दरवाजा नहीं खोला था.
यह भी पढ़ें: प्रेमी संग मिलकर पति का मर्डर! मजदूरी दिलाने के बहाने पिलाई फ्री की शराब फिर कर दी हत्या
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया. पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.
aajtak.in