प्रेमी संग मिलकर पति का मर्डर! मजदूरी दिलाने के बहाने पिलाई फ्री की शराब फिर कर दी हत्या

जालोर जिले में 48 घंटे के भीतर ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा कर पुलिस ने हत्या की सनसनीखेज साजिश का पर्दाफाश किया है. जांच में सामने आया कि पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की योजना बनाई. तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य की भूमिका की जांच जारी है.

Advertisement
प्रेमी संग मिलकर पति का मर्डर (Photo: itg) प्रेमी संग मिलकर पति का मर्डर (Photo: itg)

नरेश सरनाऊ (बिश्नोई)

  • जालोर,
  • 29 जून 2026,
  • अपडेटेड 1:31 PM IST

राजस्थान के जालोर जिले की आहोर थाना पुलिस ने महज 48 घंटे में एक ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा कर दिया है. हत्या की इस वारदात के पीछे कोई पुरानी रंजिश नहीं, बल्कि पत्नी का प्रेम प्रसंग निकला. पुलिस ने मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है. आरोप है कि दोनों ने शादी में बाधा बन रहे पति को रास्ते से हटाने के लिए सुनियोजित साजिश रची और उसकी हत्या कर शव सरहद मडला क्षेत्र में फेंक दिया. दरअसल, 24 जून को आहोर थाना क्षेत्र के सरहद मडला में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई थी.

Advertisement

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की. मृतक की पहचान पाली जिले के रानी थाना क्षेत्र के रानीगांव निवासी राजेन्द्र कुमार मीणा के रूप में हुई. मामले में मृतक की मां ने बहू ममता, उसके परिचितों और अन्य लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया. जालोर एसपी शैलेंद्र सिंह इंदोलिया के निर्देशन में गठित टीम ने एफएसएल, एमओबी, सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल कॉल डिटेल का बारीकी से विश्लेषण किया. जांच के दौरान मृतक की पत्नी ममता और रमेश कुमार मीणा की गतिविधियां संदिग्ध मिलीं. पुलिस ने दोनों से पूछताछ की तो उन्होंने हत्या की साजिश और वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली.

 इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस के अनुसार, राजेन्द्र कुमार और ममता की शादी करीब 14–15 साल पहले हुई थी. पिछले 8 से 10 महीनों से दोनों के बीच विवाद चल रहा था, जिसके चलते ममता अपने पीहर चली गई थी. इसी दौरान उसकी मुलाकात रमेश मीणा से हुई और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए. दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन पति राजेन्द्र उनके रिश्ते में बाधा बन रहा था. पुलिस जांच में सामने आया कि रमेश ने अपने रिश्तेदार अभिषेक मीणा के साथ मिलकर योजना बनाई. मजदूरी दिलाने का बहाना बनाकर वे राजेन्द्र कुमार को मोटरसाइकिल पर रानीगांव से साथ ले गए.

Advertisement

 रास्ते में कई बार शराब पिलाई और पहले से तय स्थान पर रमेश और अभिषेक ने मिलकर उसकी हत्या कर दी. बाद में शव को सरहद मडला क्षेत्र में फेंक दिया ताकि पहचान छिपाई जा सके. तकनीकी साक्ष्यों और लगातार पूछताछ के आधार पर पुलिस ने पूरे मामले का पर्दाफाश करते हुए पत्नी ममता और उसके प्रेमी रमेश कुमार मीणा को गिरफ्तार कर लिया. वहीं, हत्या में भूमिका निभाने वाले अन्य आरोपी की संलिप्तता को लेकर भी जांच जारी है.

आजतक से बातचीत में जालोर एसपी शैलेंद्र सिंह इंदोलिया ने बताया कि तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल कॉल डिटेल के आधार पर मामले का खुलासा किया गया है. मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया गया है. हत्या में शामिल अन्य पहलुओं की जांच जारी है. अवैध प्रेम संबंध और शादी में आ रही रुकावट ने एक परिवार को उजाड़ दिया. आहोर पुलिस ने महज 48 घंटे में इस ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा कर दो आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है. अब पुलिस इस साजिश में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »