कर्नाटक के बल्लारी में किसानों ने अपने खेतों तक जाने वाली सड़क की मरम्मत करने का बेड़ा उठाया है. प्रशासन की अनसुनी के बाद किसानों ने 3.5 किलोमीटर लंबे इस सर्विस रोड की मरम्मत के लिए 3 लाख रुपये जमा किए हैं.
इस रोड का इस्तेमाल किसान करीब 500 एकड़ सिंचाई वाली जमीन पर खेती करने के लिए करते हैं. इसके खराब होने की वजह से किसानों को काफी परेशानी हो रही थी.
करीब 150 किसानों ने हर एकड़ के हिसाब से 2,000 रुपये दिए और खराब सड़क को ठीक करने के लिए ट्रैक्टर, JCB मशीन और बजरी का इस्तेमाल किया.
प्रशासन की अनसुनी के बाद किसानों ने करवाई मरम्मत
किसानों ने बताया कि उन्होंने कई बार सरकारी अधिकारियों और चुने हुए प्रतिनिधियों से इस सड़क की मरम्मत के लिए कहा. लेकिन कोई जवाब नहीं आया जिसके बाद उन्होंने खुद ही ये काम शुरू कर दिया.
किसानों के मुताबिक, सड़क पर गहरे गड्ढे हो गए थे और इस हिस्से पर कई हादसे और चोटें आई थीं. उन्होंने बताया कि तीन साल पहले भी इसी तरह पैसे जमा करके उन्होंने खुद ही सड़क की मरम्मत की थी. लेकिन पिछले साल भारी बारिश ने इसे फिर से पूरी तरह से खराब कर दिया और बड़े-बड़े गड्ढे हो गए.
हर साल ऐसी परेशानी का सामना करते हैं किसान!
ट्रैक्टर, JCB और बजरी का इस्तेमाल करके, किसानों ने अपने खेतों तक पहुंच को सुरक्षित बनाने के लिए पूरे हिस्से की मरम्मत की. इस काम में शामिल एक किसान लोकेश ने बताया कि सरकारी मदद की कमी के कारण उन्हें लगभग हर साल ऐसी मरम्मत करनी पड़ती है.
उन्होंने कहा, 'हर साल, हम किसान खुद ही ये मरम्मत करते हैं क्योंकि किसी से कोई मदद नहीं मिलती. नहर का पानी हर साल सड़क पर बहता है और उसे नुकसान पहुंचाता है. सड़क बार-बार बह जाती है.'
यह भी पढ़ें: बारिश में देरी से बढ़ी किसानों की टेंशन, खरीफ फसलों पर संकट! बुवाई को लेकर एडवाइजरी जारी
अब किसानों ने अधिकारियों से एक पक्की सीमेंट कंक्रीट सड़क बनाने की मांग की है. उनका कहना है कि इससे सड़क हर दो या तीन साल में खराब होने से बचेगी और एक पक्का हल मिलेगा.
सगाय राज