कर्नाटक के बेंगलुरु शहरी जिले के अनेकल इलाके से बेहद दुखद मामला सामने आया है. यहां 8वीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा ने कथित तौर पर फांसी लगाकर जान दे दी. घटना गुरुवार रात की है, जबकि शुक्रवार सुबह परिवार को इसकी जानकारी मिली. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
छात्रा अनेकल के मारासुरु स्थित सरकारी उच्च प्राथमिक विद्यालय में पढ़ती थी. पुलिस के मुताबिक, उसके कमरे से एक सुसाइड नोट मिला है. नोट में उसने लिखा है कि स्कूल में हुई एक घटना ने उसे अंदर तक तोड़ दिया. उसने लिखा कि उस पर 20 और 10 रुपये चोरी करने का झूठा आरोप लगाया गया, जबकि उसने कोई चोरी नहीं की थी. इस बात को लेकर उसे शिक्षकों ने डांटा और वह इस अपमान को सहन नहीं कर सकी.
छात्रा ने नोट में जो भी कुछ लिखा, वो दहला देने वाला है-
'स्कूल में जो हुआ, उससे मुझे बहुत गहरी चोट पहुंची है. स्कूल में हुई कुछ घटनाओं के सिलसिले में मुझ पर झूठा आरोप लगाया गया है. मुझ पर पैसे चुराने का आरोप लगाया गया. 20 रुपये और 10 रुपये के मामले में मुझे दोषी ठहराया गया, जबकि मैंने ऐसा नहीं किया था. सभी टीचर मुझे डांटते हैं. मैं अब और इस अपमान और पीड़ा को सहन नहीं कर सकती. मुझे लगता है कि मैं इस दुनिया में जीने के लायक नहीं हूं.'
छात्रा ने आगे लिखा- 'मेरी मौत के लिए कोई जिम्मेदार नहीं है. मेरी मां ने मेरा बहुत अच्छे से ख्याल रखा है. कृपया मेरी मां, मेरी बड़ी बहन, मेरी छोटी बहन और मेरे छोटे भाई का अच्छे से ख्याल रखें. मेरी मां को डांटें या दोष न दें. आप सभी मुझे क्षमा करें. मां, प्लीज मुझे क्षमा करें. मुझे अब इस धरती पर जीने का कोई अधिकार नहीं है. मुझ पर चोरी का झूठा आरोप लगाया गया था. उन्होंने कहा कि मैंने पैसे चुराए हैं, जबकि मैंने ऐसा नहीं किया था. मैं इस अपमान के साथ जी नहीं सकती. मां, मुझे क्षमा कर दीजिए.'
मृतक छात्रा की मां ने बताया कि घटना के समय वह स्किन संबंधी बीमारी के इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती थीं. उनकी बेटी अपनी चाची के साथ रह रही थी. उन्होंने कहा कि घर में किसी ने भी बच्ची को प्रताड़ित नहीं किया. अगर ऐसा होता तो वह जरूर उन्हें बताती. हालांकि, उन्हें जानकारी मिली है कि स्कूल में कुछ शिक्षकों ने उसे परेशान किया था, लेकिन वह यह नहीं बता सकतीं कि कौन-कौन शिक्षक इसमें शामिल थे.
यह भी पढ़ें: नागपुर: पारिवारिक तनाव से परेशान था 42 साल का डॉक्टर, खुद को एनेस्थीसिया का ओवरडोज देकर कर ली खुदकुशी
परिवार का आरोप है कि स्कूल में लगातार डांट-फटकार और कथित अपमान की वजह से बेटी ने यह कदम उठाया. वहीं, पुलिस का कहना है कि सुसाइड नोट की जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि छात्रा पर किन परिस्थितियों में चोरी का आरोप लगाया गया था. मामले में सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. इस संबंध में सूर्यनगर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस स्कूल के शिक्षकों, परिजनों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है.
नोट:- (अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल इमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे. याद रखिए जान है तो जहान है.)
सगाय राज