बेंगलुरु पुलिस ने बुधवार को 25 वर्षीय एक प्रवासी मजदूर को विधानसभा भवन विधान सौधा का AI से बनाया गया बम धमाके का वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड करने के आरोप में गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने इंस्टाग्राम पर यह वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें विधान सौधा में धमाका होते हुए दिखाया गया था.
आरोपी की पहचान बिहार के अररिया जिले के रहने वाले हजरत अली के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक, अली कुछ महीने पहले बेंगलुरु आया था और यहां दिहाड़ी मजदूर के तौर पर पाइप फिटिंग का काम करता था.
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार सुबह यह मामला सामने आया. इंस्टाग्राम पर 'jnx_king_h_g' नाम के अकाउंट से एक वीडियो पोस्ट किया गया था. इसमें अली बंदूक चलाने का इशारा करता नजर आया और इसके बाद एडिट किए गए वीडियो में विधान सौधा की इमारत में धमाका दिखाया गया. वीडियो के साथ 'Vidhanasabha Uda Diya Bam se' कैप्शन भी लिखा गया था.
आरोपी से पूछताछ कर रही है पुलिस
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. जिस इंस्टाग्राम अकाउंट से वीडियो पोस्ट किया गया था, वह अब डीएक्टिवेट हो चुका है. पुलिस ने अली को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है.
पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि अली ने यह वीडियो किस मकसद से बनाया और पोस्ट किया था. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस मामले में उसके साथ कोई और व्यक्ति शामिल था या नहीं. पुलिस यह भी पता लगा रही है कि वीडियो का उद्देश्य लोगों के बीच डर या अफरा-तफरी पैदा करना था या इसके पीछे कोई दूसरा मकसद था. पुलिस ने बताया कि इस मामले में विधान सौधा पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया है. आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामले की जांच जारी है और पुलिस वीडियो से जुड़े दूसरे पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है.
नागार्जुन