आप जब भी किसी दुकान, मॉल, पेट्रोल पंप या रेस्टोरेंट से सामान खरीदते हैं, तो बदले में आपको एक बिल जरूर मिलता है. इस बिल पर सामान की कीमत, तारीख, समय और दूसरी जरूरी जानकारी लिखी होती है. शुरुआत में बिल के अक्षर बिल्कुल साफ और गहरे काले रंग के दिखाई देते हैं. लेकिन क्या आपने कभी ध्यान दिया है कि कुछ दिनों बाद यही अक्षर हल्के पड़ने लगते हैं और धीरे-धीरे गायब भी हो जाते हैं?
हैरानी की बात यह है कि बिल पर लिखे अक्षर किसी सामान्य स्याही से नहीं छापे जाते. यही वजह है कि वे कुछ समय बाद अपने आप मिटने लगते हैं. आपने शायद यह भी देखा होगा कि अगर इस बिल को धूप में रख दिया जाए या गर्म जगह पर छोड़ दिया जाए, तो इसके अक्षर और जल्दी गायब हो जाते हैं.
दरअसल, दुकानों और मॉल में मिलने वाले ज्यादातर छोटे बिल थर्मल पेपर (Thermal Paper) पर छापे जाते हैं. इस पेपर पर प्रिंटिंग के लिए न तो सामान्य स्याही की जरूरत होती है और न ही पारंपरिक प्रिंटर की तरह रिबन या कार्ट्रिज का इस्तेमाल किया जाता है. इसके पीछे गर्मी से जुड़ा एक खास साइंस काम करता है.
आखिर क्या होता है थर्मल पेपर?
थर्मल पेपर एक खास तरह का कागज होता है, जिसकी ऊपरी सतह पर गर्मी से प्रतिक्रिया करने वाले केमिकल की एक परत चढ़ाई जाती है. इस परत में खास तरह के रंग बनाने वाले पदार्थ और दूसरे केमिकल एलिमेंट्स मौजूद होते हैं. जब इस कागज पर थर्मल प्रिंटर से प्रिंट किया जाता है, तो प्रिंटर का एक छोटा-सा गर्म हिस्सा कागज की सतह को खास जगहों पर गर्म करता है. गर्मी के संपर्क में आते ही उस जगह मौजूद केमिकल आपस में प्रतिक्रिया करते हैं और काले रंग के अक्षर दिखाई देने लगते हैं.
यानी बिल पर जो काले अक्षर आपको नजर आते हैं, वे असल में किसी पेन या स्याही से नहीं लिखे गए होते. वे कागज पर मौजूद केमिकल की गर्मी से हुई प्रतिक्रिया के कारण बनते हैं.
फिर कुछ दिनों बाद अक्षर गायब क्यों होने लगते हैं?
थर्मल पेपर पर छपे अक्षर हमेशा के लिए नहीं रहते. इसकी सबसे बड़ी वजह यह है कि कागज की ऊपरी परत में मौजूद केमिकल समय के साथ बदल सकते हैं. जब यह पेपर ज्यादा गर्मी, धूप या नमी के संपर्क में आता है, तो इसकी रासायनिक परत प्रभावित होने लगती है. इससे छपे हुए अक्षरों का रंग हल्का पड़ सकता है. कई बार बिल को पर्स में रखने, कार के डैशबोर्ड पर छोड़ने या गर्म जगह पर रखने से भी अक्षर जल्दी मिटने लगते हैं.
यही वजह है कि कुछ बिल एक-दो दिन में ही हल्के दिखाई देने लगते हैं, जबकि कुछ बिल कई महीनों या सालों तक पढ़ने लायक बने रहते हैं. यह उनकी क्वालिटी और उन्हें रखने के तरीके पर निर्भर करता है.
धूप और गर्मी से बिल के अक्षर जल्दी क्यों मिटते हैं?
थर्मल पेपर को खास तौर पर गर्मी के प्रति संवेदनशील बनाया जाता है. इसी वजह से गर्मी मिलने पर उस पर अक्षर छपते हैं. लेकिन यही संवेदनशीलता बाद में परेशानी भी बन जाती है. अगर आप किसी बिल को तेज धूप में रख देते हैं, तो कागज की केमिकल वाली परत पर गर्मी का असर पड़ सकता है. इससे बिल का रंग बदलने लगता है और उस पर छपे अक्षर धुंधले हो जाते हैं. कभी-कभी ज्यादा गर्मी के कारण पूरा कागज ही काला या भूरा पड़ सकता है. इसके अलावा कुछ केमिकल, तेल, प्लास्टिक और दूसरे पदार्थों के संपर्क में आने से भी प्रिंट खराब हो सकता है. इसलिए बिल को लंबे समय तक सुरक्षित रखना हो, तो उसे धूप, गर्मी और नमी से दूर रखना चाहिए.
क्या बिल पर पेन से लिख सकते हैं?
थर्मल पेपर पर पेन से लिखना संभव है, लेकिन ऐसा करने पर भी सावधानी जरूरी है. कई बार पेन की स्याही कागज पर ठीक से नहीं टिकती या लिखावट फैल सकती है. अगर आपको कोई बिल लंबे समय तक संभालकर रखना है, तो उसकी फोटो खींच लेना या उसकी डिजिटल कॉपी बना लेना बेहतर है. खासकर ऐसे बिल जिन्हें भविष्य में वारंटी, रिटर्न या किसी दूसरे काम के लिए दिखाना पड़ सकता है.
क्या हर बिल इसी तरह छापा जाता है?
हर बिल थर्मल पेपर पर नहीं छापा जाता. कुछ दुकानों और संस्थानों में सामान्य कागज पर भी प्रिंटिंग की जाती है. ऐसे बिलों में प्रिंटर के हिसाब से स्याही या टोनर का इस्तेमाल होता है. थर्मल प्रिंटर का इस्तेमाल इसलिए ज्यादा होता है क्योंकि इससे बिल जल्दी छप जाता है. इसमें स्याही या कार्ट्रिज बदलने की जरूरत नहीं पड़ती और प्रिंटिंग का खर्च भी कम हो सकता है. इसी कारण पेट्रोल पंप, एटीएम, दुकानों, रेस्टोरेंट और टिकट काउंटर पर इस तकनीक का इस्तेमाल आम है.
तो अगली बार जब दुकान से मिला बिल कुछ दिनों बाद हल्का पड़ने लगे, तो हैरान मत होइएगा. ऐसा किसी खराब स्याही की वजह से नहीं, बल्कि थर्मल पेपर की खास तकनीक के कारण होता है. इस छोटे से बिल के पीछे भी गर्मी और केमिकल का दिलचस्प विज्ञान छिपा है.
aajtak.in