बालकनी में तो सुखाना अपराध है, फिर दुबई में लोग कपड़े कैसे सुखाते हैं?

दुबई में बालकनी या रेलिंग पर कपड़े टांगना कई जगह नियमों के खिलाफ है. ऐसे में सवाल उठता है कि वहां रहने वाले लोग कपड़े कैसे सुखाते हैं और बिना धूप के उनका काम कैसे चलता है. जानिए दुबई का पूरा सिस्टम.

Advertisement
 दुबई में लॉन्ड्री सर्विस का इस्तेमाल भी काफी आम है (Photo: Pexel) दुबई में लॉन्ड्री सर्विस का इस्तेमाल भी काफी आम है (Photo: Pexel)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 02 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 6:55 PM IST

दुबई में बालकनी में कपड़े सुखाने पर जुर्माना लग सकता है. सोशल मीडिया पर यह दावा अक्सर वायरल होता रहता है. ऐसे में लोगों के मन में सबसे बड़ा सवाल यही उठता है कि अगर बालकनी में कपड़े सुखाने की मनाही है, तो आखिर वहां रहने वाले लोग अपने कपड़े सुखाते कैसे हैं? क्या उन्हें धूप नहीं मिलती? आइए जानते हैं दुबई के नियम और वहां अपनाए जाने वाले तरीकों के बारे में.

Advertisement

बालकनी में कपड़े सुखाने पर क्यों है रोक?

दुबई और यूएई के कई हिस्सों में आवासीय इमारतों की बाहरी सुंदरता बनाए रखने के लिए बालकनी की रेलिंग या बाहर से दिखाई देने वाले हिस्से में कपड़े टांगने की अनुमति नहीं होती. Dubai Municipality के नियमों के मुताबिक, बालकनी, खिड़की या रेलिंग पर कपड़े लटकाने से इमारत का स्वरूप प्रभावित होता है. साथ ही कपड़ों से टपकने वाला पानी नीचे रहने वालों के लिए परेशानी भी पैदा कर सकता है.

नियमों का उल्लंघन करने पर 500 से 1,500 दिरहम (करीब 11 हजार से 33 हजार रुपये) तक का जुर्माना लगाया जा सकता है. कुछ हाउसिंग कम्युनिटी और बिल्डिंग मैनेजमेंट, जैसे Nakheel की परियोजनाएं, इन नियमों को लेकर और भी सख्ती बरतती हैं.

फिर दुबई में लोग कपड़े कैसे सुखाते हैं?

दुबई में रहने वाले ज्यादातर लोग आधुनिक तरीकों का इस्तेमाल करते हैं. सबसे आम तरीका इंडोर ड्राइंग रैक है. फोल्डिंग ड्राइंग स्टैंड को लोग बेडरूम, यूटिलिटी एरिया या लिविंग रूम में लगाकर कपड़े सुखाते हैं. अगर बालकनी में रैक रखा भी जाता है, तो उसे इस तरह रखा जाता है कि कपड़े बाहर से दिखाई न दें.

Advertisement

इसके अलावा अधिकांश अपार्टमेंट में वॉशर-ड्रायर या टम्बल ड्रायर की सुविधा होती है. मशीन गर्म हवा की मदद से कपड़ों को जल्दी सुखा देती है, इसलिए धूप की जरूरत भी नहीं पड़ती.

कुछ लोग इलेक्ट्रिक हीटेड ड्राइंग रैक का इस्तेमाल करते हैं. यह फोल्डिंग रैक गर्म हवा छोड़कर कपड़ों को तेजी से सुखाता है और घर के अंदर आराम से इस्तेमाल किया जा सकता है.

बिना धूप के कपड़े कैसे सूख जाते हैं?

कई लोगों के मन में यह सवाल भी आता है कि अगर कपड़े बाहर नहीं टांगे जाते, तो उन्हें धूप कैसे मिलती है? असल में दुबई में ज्यादातर लोग कपड़े सुखाने के लिए सीधी धूप पर निर्भर नहीं रहते. ड्रायर मशीन कपड़ों को पूरी तरह सुखा देती है. वहीं कई अपार्टमेंट्स में अलग यूटिलिटी बालकनी या लॉन्ड्री एरिया होता है, जहां हवा और सीमित धूप मिल जाती है.

इसके अलावा दुबई की जलवायु भी इसमें मदद करती है. गर्म और अपेक्षाकृत शुष्क मौसम की वजह से अच्छी स्पिन वाली वॉशिंग मशीन, एसी, पंखे या वेंटिलेशन के साथ घर के अंदर भी कपड़े कुछ ही घंटों में सूख जाते हैं.

लॉन्ड्री सर्विस भी है बड़ा विकल्प

दुबई में लॉन्ड्री सर्विस का इस्तेमाल भी काफी आम है. कई कंपनियां घर से कपड़े लेकर जाती हैं और धुलने, सुखाने व प्रेस करने के बाद वापस पहुंचा देती हैं. व्यस्त नौकरीपेशा लोगों और परिवारों के बीच यह सेवा काफी लोकप्रिय है.

Advertisement

नियम का मकसद क्या है?

दुबई में बालकनी में कपड़े सुखाने पर रोक का मकसद लोगों को परेशान करना नहीं, बल्कि शहर की साफ-सुथरी और आधुनिक छवि बनाए रखना है. यही वजह है कि अधिकतर लोग बिल्डिंग के नियमों का पालन करते हुए इंडोर ड्राइंग सिस्टम, ड्रायर मशीन या लॉन्ड्री सर्विस का इस्तेमाल करते हैं.

अगर आप दुबई में रहने या घूमने जाने की योजना बना रहे हैं, तो अपार्टमेंट लेते समय यह जरूर पूछ लें कि वहां लॉन्ड्री की क्या सुविधा है और कपड़े सुखाने के लिए क्या नियम लागू हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »