मिडिल ईस्ट संकट से हवाई सफर प्रभावित, भारत में 180 फ्लाइट्स कैंसिल, एडवाइजरी जारी

Middle East Crisis: मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और युद्ध जैसे हालात का असर अब अंतरराष्ट्रीय हवाई यात्रा पर भी साफ दिखाई दे रहा है. कई देशों के एयरस्पेस पर पाबंदियां लगने के कारण दुनियाभर की उड़ानें प्रभावित हो रही हैं.

Advertisement
भारत समेत कई देशों के हवाई अड्डों से सैकड़ों फ्लाइट्स रद्द करनी पड़ी हैं, जिससे हजारों यात्री फंस गए हैं. ( Photo: PTI) भारत समेत कई देशों के हवाई अड्डों से सैकड़ों फ्लाइट्स रद्द करनी पड़ी हैं, जिससे हजारों यात्री फंस गए हैं. ( Photo: PTI)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 05 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 12:25 PM IST

Middle East Crisis: मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और युद्ध जैसे हालात का असर अब अंतरराष्ट्रीय हवाई यात्रा पर भी साफ दिखाई दे रहा है. कई देशों के एयरस्पेस पर पाबंदियां लगने के कारण दुनियाभर की उड़ानें प्रभावित हो रही हैं. मिडिल ईस्ट में अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच चल रही लड़ाई का असर फ्लाइट पर भी दिख रहा है. दोनों तरफ से लगातार हमले हो रहे हैं, जिससे साफ है कि यह संकट अभी जल्द खत्म होता नहीं दिख रहा. हालात सुधरने के कोई संकेत नजर नहीं आ रहे हैं. इस टकराव का असर कई देशों पर पड़ रहा है, खासकर अरब के मुस्लिम देशों के नागरिकों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है. लगातार हो रहे हमलों में अब तक सैकड़ों लोगों की जान जा चुकी है.

Advertisement

रिपोर्ट्स के अनुसार, ईरान में मरने वालों की संख्या 1,000 से ज्यादा हो गई है. लेबनान में करीब 60 और इजरायल में लगभग एक दर्जन लोगों की मौत हुई है. इस संघर्ष में अमेरिका के 6 सैनिकों के मारे जाने की भी खबर है. बढ़ते तनाव का असर हवाई यात्रा पर भी पड़ा है. सुरक्षा कारणों से कई अंतरराष्ट्रीय और घरेलू उड़ानें रद्द कर दी गई हैं, जबकि कई फ्लाइट्स का रूट बदला गया है. कुछ एयरपोर्ट्स पर सेवाएं अस्थायी रूप से प्रभावित हुई हैं, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी
मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच कई देशों ने अपने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है और हवाई सेवाओं पर भी असर पड़ा है. कतर की राजधानी दोहा में भारतीय दूतावास ने अहम सूचना जारी की है. दूतावास के मुताबिक, कतर के एयरस्पेस बंद होने की वजह से हमाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ानें फिलहाल अस्थायी रूप से निलंबित हैं. कतर एयरवेज समेत अन्य एयरलाइंस की फ्लाइट्स भी कैंसिल है. यात्रियों से कहा गया है कि वे अपनी यात्रा को दोबारा तय करने के लिए संबंधित एयरलाइन से संपर्क में रहें. दूतावास ने यह भी बताया कि वह कतर प्रशासन और भारतीय समुदाय के नेताओं के साथ मिलकर भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित कर रहा है. वहीं, स्काई न्यूज के अनुसार मिडिल ईस्ट संकट के बीच ब्रिटेन सरकार की पहली चार्टर्ड फ्लाइट उड़ान नहीं भर पाई.

Advertisement

कतर का एयरस्पेस बंद होने की वजह से कतर एयरवेज की उड़ानें फिलहाल अस्थायी रूप से बंद कर दी गई हैं. एयरलाइन ने कहा है कि जब कतर सिविल एविएशन अथॉरिटी एयरस्पेस को सुरक्षित घोषित कर देगी, तभी उड़ानें दोबारा शुरू की जाएंगी. इस बारे में अगला अपडेट 6 मार्च को सुबह 9 बजे (दोहा समय) दिया जाएगा. इस बीच, मौजूदा हालात के कारण फंसे हुए यात्रियों की मदद के लिए 5 मार्च से कुछ सीमित राहत (रिलीफ) उड़ानें चलाई जाएंगी.

ये फ्लाइट्स इन शहरों के लिए होंगी:
मस्कट से: लंदन हीथ्रो, बर्लिन, कोपेनहेगन, मैड्रिड, रोम और एम्स्टर्डम
रियाद से: फ्रैंकफर्ट

एयरलाइन ने यात्रियों से अपील की है कि जब तक उन्हें कतर एयरवेज से आधिकारिक सूचना न मिले, तब तक एयरपोर्ट न जाएं. जिन यात्रियों की उड़ान प्रभावित हुई है, उनसे कतर एयरवेज सीधे संपर्क करेगी और उन्हें नई फ्लाइट, यात्रा व्यवस्था और आगे की जानकारी देगी. यात्रियों को सलाह दी गई है कि अपनी संपर्क जानकारी कतर एयरवेज की वेबसाइट या मोबाइल ऐप पर अपडेट रखें, ताकि उन्हें समय पर सूचना मिल सके. एयरलाइन ने कहा है कि वह स्थिति पर लगातार नजर रख रही है और जैसे ही नई जानकारी मिलेगी, उसे साझा किया जाएगा. साथ ही, यात्रियों और क्रू की सुरक्षा को सबसे ज्यादा प्राथमिकता दी जा रही है और इस असुविधा के लिए एयरलाइन ने खेद भी जताया है.

Advertisement

एयर इंडिया की कई फ्लाइट कैंसिल
एयर इंडिया ने जानकारी दी है कि मिडिल ईस्ट के लिए उसकी ज्यादातर उड़ानें 5 मार्च 2026 की रात 11:59 बजे (IST) तक निलंबित रहेंगी. हालांकि जेद्दा के लिए कुछ तय उड़ानें 5 मार्च से दोबारा शुरू की जाएगी. इनमें दिल्ली-जेद्दा-दिल्ली और मुंबई-जेद्दा-मुंबई रूट शामिल हैं. इसके अलावा एयर इंडिया 5 मार्च की सुबह मुंबई-दुबई-दिल्ली रूट पर एक अतिरिक्त फ्लाइट (AI909D/996D) चलाने की योजना बना रही है, ताकि फंसे हुए यात्रियों को वापस लाया जा सके. यह उड़ान बड़े B777 विमान से संचालित होगी, जिसमें ज्यादा यात्रियों के बैठने की क्षमता होती है.

भारत के कई शहरों से करीब 180 उड़ानें रद्द
सूत्रों के अनुसार पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और एयरस्पेस प्रतिबंधों के कारण 4 मार्च को मुंबई, दिल्ली और बेंगलुरु जैसे बड़े शहरों के एयरपोर्ट से लगभग 180 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं. मुंबई एयरपोर्ट पर 48 प्रस्थान और 45 आगमन समेत कुल 93 उड़ानें रद्द हुईं. दिल्ली एयरपोर्ट पर 25 प्रस्थान और 27 आगमन मिलाकर 52 उड़ानें रद्द हुईं. बेंगलुरु एयरपोर्ट पर अलग-अलग एयरलाइनों की 34 उड़ानें रद्द की गईं, जिनमें 18 आगमन उड़ानें थीं.

फंसे यात्रियों को लाने के लिए चलाई गई विशेष फ्लाइट
मुंबई एयरपोर्ट से 4 मार्च को कुछ विशेष फ्लाइट भी चलाई गईं. स्पाइसजेट ने फुजैराह से मुंबई के लिए दो विशेष उड़ानें संचालित की, जबकि एयर इंडिया ने दुबई से मुंबई के लिए एक फ्लाइट चलाई. इसके अलावा अमीरात ने दुबई से मुंबई के लिए तीन फ्लाइट संचालित की. गल्फ एयर और रॉयल जॉर्डन ने भी अम्मान (जॉर्डन) और दम्माम (सऊदी अरब) से मुंबई के लिए एक-एक फ्लाइट चलाई.

Advertisement

कोलकाता एयरपोर्ट पर भी कई फ्लाइट कैंसिल
कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से भी पश्चिम एशिया के लिए कई उड़ानें प्रभावित हुईं. दोहा, दुबई और अबू धाबी जैसे शहरों के लिए कम से कम पांच फ्लाइट्स कैंसिल कर दी गईं. इनमें कतर एयरवेज और अमीरात की उड़ानें भी शामिल थीं. देश की बड़ी एयरलाइन इंडिगो ने बताया कि एयरस्पेस प्रतिबंधों के कारण 28 फरवरी से 3 मार्च के बीच पश्चिम एशिया और अन्य अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों के लिए उसकी 500 से ज्यादा फ्लाइट कैंसिल करनी पड़ीं.

कुछ अंतरराष्ट्रीय उड़ानें बढ़ाई गईं
हालांकि यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए कुछ एयरलाइनों ने अन्य अंतरराष्ट्रीय रूट्स पर अतिरिक्त उड़ानें शुरू की हैं. एयर इंडिया ने दिल्ली से टोरंटो, फ्रैंकफर्ट और पेरिस के लिए अतिरिक्त फ्लाइट जोड़ने का फैसला किया है. वहीं एयर इंडिया एक्सप्रेस ने मस्कट, दिल्ली और मुंबई के बीच अतिरिक्त सेवाएं शुरू करने की घोषणा की है.

विदेशी नागरिकों को निकालने की तैयारी
अमेरिका के विदेश विभाग ने भी बताया कि मिडिल ईस्ट में फंसे अमेरिकी नागरिकों को निकालने के लिए विशेष चार्टर्ड फ्लाइट चलाई गई है और आगे भी ऐसी उड़ानें भेजी जाएंगी.

यूएई में ओवरस्टे जुर्माना माफ
संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने भी बड़ा फैसला लेते हुए उन यात्रियों का ओवरस्टे जुर्माना माफ कर दिया है जो फ्लाइट रद्द होने या एयरस्पेस बंद होने की वजह से समय पर देश नहीं छोड़ पाए. कुल मिलाकर, मिडिल ईस्ट में जारी तनाव का असर अब पूरी दुनिया की हवाई यात्रा पर पड़ रहा है. एयरलाइंस लगातार अपनी उड़ानें कैंसिल या बदल रही हैं और यात्रियों को अपनी यात्रा से पहले एयरलाइन से जानकारी लेने की सलाह दी जा रही है.

Advertisement

लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट पर एतिहाद एयरवेज का चेक-इन काउंटर बंद है और वहां उड़ानों में देरी और रद्द होने की सूचना लगाई गई है. अमेरिका और इजरायल के ईरान पर हमलों के बाद कई फ्लाइट्स प्रभावित हो गई हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement