रुद्रप्रयाग में छत पर अब भी 5 निहंग! नीचे सब कुछ नॉर्मल, गुरुद्वारे में जारी लंगर और अरदास

रुद्रप्रयाग के नगरासू स्थित गुरुद्वारे को लेकर पिछले कई दिनों से चल रहे विवाद के बीच प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट की है. पुलिस और जिला प्रशासन का कहना है कि गुरुद्वारे में किसी प्रकार का कब्जा नहीं हुआ है और न ही किसी को बंधक बनाया गया है. हेमकुंड साहिब और चारधाम यात्रा पूरी तरह सुरक्षित एवं सुचारू रूप से जारी है.

Advertisement
  रुद्रप्रयाग में गुरुद्वारे की छत पर अब भी 5 निहंग (Photo: itg) रुद्रप्रयाग में गुरुद्वारे की छत पर अब भी 5 निहंग (Photo: itg)

प्रवीण सेमवाल

  • रुद्रप्रयाग,
  • 23 जून 2026,
  • अपडेटेड 8:25 AM IST

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले के नागरासू स्थित गुरुद्वारे में बीते 20 जून से जारी विवाद अभी भी जारी है. हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग पर स्थित गुरुद्वारे में कुछ निहंग तीर्थ यात्रियों द्वारा कब्जा जमाने के बाद हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं.  हालांकि घटना के संबंध में जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए आमजन एवं श्रद्धालुओं से किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि श्री हेमकुंड साहिब यात्रा एवं चारधाम यात्रा पूरी तरह सुचारू रूप से संचालित हो रही है तथा कहीं भी किसी प्रकार का व्यवधान नहीं है.

Advertisement

गुरुद्वारा प्रबंधन और निहंग यात्रियों के बीच विवाद

पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग निहारिका तोमर ने जानकारी देते हुए बताया कि दिनांक 20 जून 2026 को सूचना प्राप्त हुई कि नगरासू स्थित गुरुद्वारे में दो पक्षों के बीच आपसी विवाद एवं कहासुनी हो रही है. सूचना प्राप्त होते ही घोलतीर चौकी पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची तथा स्थिति का जायजा लिया.

उन्होंने बताया कि मौके पर गुरुद्वारे के सेवादारों एवं वहां आये कुछ निहंग सिख यात्रियों के मध्य किसी विषय को लेकर विवाद की स्थिति बनी हुई थी. पुलिस द्वारा तत्काल कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखते हुए दोनों पक्षों से बातचीत की गई तथा पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली गई. इस दौरान कुछ निहंग सिख गुरुद्वारे की छत पर चले गए तथा उन्होंने छत तक पहुंचने वाले मार्ग को बंद कर दिया.

Advertisement

नीचे उतरे 7 में दो निहंग

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस, जिला प्रशासन एवं गुरुद्वारा प्रबंधन समिति द्वारा लगातार निहंग सिखों के साथ संवाद स्थापित किया जा रहा है तथा उनको समझा बुझाकर नीचे उतारने का प्रयास किया जा रहा है. वार्ता के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं तथा दो निहंग सिख छत से नीचे उतरकर प्रशासन एवं पुलिस के साथ बातचीत कर रहे हैं. शेष 5 निहंग सिखों से भी लगातार संवाद जारी है.

पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित की जा रही कई जानकारियां भ्रामक एवं तथ्यहीन हैं. निहंग छत पर हैं लेकिन गुरुद्वारे पर किसी प्रकार का कब्जा नहीं किया गया है तथा न ही किसी को बंधक बनाया गया है. गुरुद्वारे में लंगर व्यवस्था पूर्ववत सुचारू रूप से संचालित हो रही है. श्रद्धालु एवं यात्री सामान्य रूप से गुरुद्वारे में आ-जा रहे हैं, ठहर रहे हैं तथा अपनी यात्रा जारी रखे हुए हैं. इसके अतिरिक्त गुरुद्वारे में अरदास एवं अन्य धार्मिक गतिविधियां भी नियमित रूप से संचालित हो रही हैं.

'गुरुद्वारे में सबकुछ सामान्य, लंगर जारी'

जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा ने कहा कि श्री हेमकुंड साहिब यात्रा एवं चारधाम यात्रा पूरी तरह सुरक्षित एवं सुचारू रूप से संचालित हो रही है. यात्रा मार्गों पर कहीं भी किसी प्रकार का ट्रैफिक अवरोध या व्यवधान नहीं है तथा सभी श्रद्धालु सहज एवं सुरक्षित रूप से आवागमन कर रहे हैं. सड़क मार्ग भी पूर्ण रूप से संचालित हैं और यात्रा व्यवस्थाएं सामान्य बनी हुई हैं.

Advertisement

जिलाधिकारी ने कहा कि कुछ माध्यमों से यात्रा प्रभावित होने संबंधी भ्रामक सूचनाएं प्रसारित की जा रही हैं, जिनका वास्तविक स्थिति से कोई संबंध नहीं है. उन्होंने स्थानीय नागरिकों एवं श्रद्धालुओं से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर विश्वास न करें तथा केवल प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें. उन्होंने देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए बिना किसी चिंता के श्री हेमकुंड साहिब यात्रा एवं चारधाम यात्रा में सम्मिलित होने का आह्वान किया. प्रशासन एवं पुलिस ने संयुक्त रूप से सभी नागरिकों, स्थानीय लोगों एवं श्रद्धालुओं से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने तथा किसी भी अपुष्ट सूचना को साझा न करने की अपील की है.

क्या हुआ था 20 जून को ?

बता दें कि बीते 20 जून को गुरुद्वारा प्रबंधन और निहंग यात्रियों के बीच हुए विवाद के बाद कुछ निहंग गुरुद्वारे की छत पर पहुंच गए और वहां अपनी मौजूदगी बनाए रखने लगे. आरोप है कि इस दौरान सेवादारों के साथ धक्का-मुक्की और अनुचित व्यवहार की घटनाएं भी सामने आईं. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और आईटीबीपी की टीमों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया. हालात को नियंत्रित रखने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं. प्रशासन दोनों पक्षों के साथ लगातार बातचीत कर विवाद का शांतिपूर्ण समाधान निकालने में जुटा है, हालांकि लंबे समय से चली आ रही वार्ता के बावजूद स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं हो सकी है.

Advertisement


 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »