उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में राहुल गांधी के प्रस्तावित 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान बड़ा हादसा हो गया. गुरुवार को रैली स्थल पर तैयारियों में जुटे कांग्रेस के एक 65 वर्षीय बुजुर्ग कार्यकर्ता अमर मेहता के सिर पर लोहे का कटर गिर गया. गंभीर रूप से घायल मेहता को तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
जानकारी के मुताबिक, 65 वर्षीय अमर मेहता देहरादून के ब्राह्मणवाला क्षेत्र के रहने वाले थे और लंबे समय से कांग्रेस से जुड़े हुए थे. उनका बेटा भी यूथ कांग्रेस में सक्रिय है. हादसे के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में शोक की लहर है.
बता दें कि राहुल गांधी का यह कार्यक्रम पहले देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित होना था. हालांकि, प्रशासन ने अनुमति रद्द कर दी, जिसके बाद कांग्रेस ने कार्यक्रम का स्थल बदलकर बन्नू स्कूल मैदान कर दिया. प्रदेश कांग्रेस ने बुधवार से नए स्थल पर तैयारियां शुरू कर दी थीं.
सूत्रों के अनुसार, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, प्रदेश कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के सदस्य, प्रदेश सह-प्रभारी मनोज यादव समेत कई नेताओं ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया था.
अंकित शर्मा