गैस खत्म, कारोबार ठप! नैनीताल में बंद हुए होटल-रेस्टोरेंट और ढाबे , रोजगार पर मंडराया बड़ा संकट

पर्यटक नगरी नैनीताल में गैस की भारी कमी से कई रेस्टोरेंट और ढाबे बंद होने लगे हैं. मल्लीताल क्षेत्र में कारोबारियों का कहना है कि कॉमर्शियल गैस सप्लाई रुकने से कामकाज ठप हो गया है. होटल और रेस्टोरेंट मालिक प्रशासन से गैस आपूर्ति बहाल करने की मांग कर रहे हैं. संकट का असर रामनगर, मुक्तेश्वर और हल्द्वानी तक पहुंच गया है, जिससे रोजगार पर भी खतरा मंडरा रहा है.

Advertisement
गैस सप्लाई रुकी तो थम गई रसोई.(Photo: Screengrab) गैस सप्लाई रुकी तो थम गई रसोई.(Photo: Screengrab)

लीला सिंह बिष्ट

  • नैनीताल,
  • 14 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 10:27 PM IST

ईरान-अमेरिका युद्ध की आशंका के बीच ग्लोबल एनर्जी मार्केट में हलचल के बीच देश में एलपीजी को लेकर हाहाकार जैसी स्थिति बनती दिख रही है. कई जगह लोगों को घंटों लाइन में लगने के बाद भी सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है. ऐसे ही संकट से विश्व प्रसिद्ध पर्यटक नगरी नैनीताल भी इन दिनों गंभीर संकट से जूझ रही है. 

दरअसल, घरेलू और कॉमर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति प्रभावित होने से शहर की रफ्तार धीमी पड़ने लगी है. खासकर मल्लीताल क्षेत्र में कई रेस्टोरेंट, ढाबे और छोटी-छोटी खानपान की दुकानें गैस की कमी के कारण बंद होने लगी हैं. पर्यटन सीजन से ठीक पहले पैदा हुए इस संकट ने होटल और रेस्टोरेंट कारोबारियों के साथ-साथ उन सैकड़ों परिवारों की चिंता भी बढ़ा दी है, जिनकी रोजी-रोटी इन दुकानों पर निर्भर है. कारोबारियों का कहना है कि अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो हालात और बिगड़ सकते हैं.

Advertisement

यह भी पढ़ें: नैनीताल: पर्यटक युवती से दुष्कर्म की कोशिश... टैक्सी चालक की दरिंदगी से बचने जंगल में भागी, पूरी रात कलमठ में छुपकर बिताई

रेस्टोरेंट और ढाबे बंद होने के कगार पर

उत्तराखंड के सबसे खूबसूरत पर्यटन स्थलों में शामिल नैनीताल में सड़क किनारे मौजूद कई ढाबे और रेस्टोरेंट गैस की कमी के कारण बंद हो चुके हैं, जबकि कई अन्य बंद होने की कगार पर हैं. होटल, ढाबा और रेस्टोरेंट मालिक सरकार से गैस आपूर्ति बहाल करने की मांग कर रहे हैं, ताकि उनका कारोबार चल सके और उनके साथ काम करने वाले कर्मचारियों की नौकरियां बची रह सकें.

कारोबारियों का कहना है कि लंबे समय तक गैस की आपूर्ति बाधित रहने से पर्यटन उद्योग पर भी असर पड़ेगा. इससे शहर की अर्थव्यवस्था और रोजगार दोनों पर संकट गहरा सकता है.

Advertisement

होटल एसोसिएशन ने प्रशासन से लगाई गुहार

होटल एसोसिएशन से जुड़े पदाधिकारी लगातार सरकारी अधिकारियों से गैस आपूर्ति बहाल करने की गुहार लगा रहे हैं. वहीं प्रशासनिक अधिकारी भी इस मामले में उच्च स्तर से निर्देश मिलने का इंतजार कर रहे हैं.

व्यापारियों का कहना है कि अगर जल्द कोई ठोस फैसला नहीं लिया गया तो नैनीताल का पर्यटन कारोबार बुरी तरह प्रभावित हो सकता है.

अंतरराष्ट्रीय हालात का असर

दरअसल, ईरान के साथ इजरायल और अमेरिका के युद्ध के बीच गैस सप्लाई के संकट को देखते हुए सरकार ने होटल और रेस्टोरेंट में कॉमर्शियल गैस की सप्लाई को पूरी तरह बंद कर दिया है.

इसी कारण नैनीताल के साथ-साथ रामनगर, मुक्तेश्वर और हल्द्वानी में भी होटल और रेस्टोरेंट बंद होने के कगार पर हैं या बंद हो चुके हैं. इस स्थिति से क्षेत्र में रोजगार का भी बड़ा संकट खड़ा हो गया है और स्थानीय कारोबारी समाधान की उम्मीद में प्रशासन की ओर देख रहे हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement