कॉर्बेट में बाघों की खूनी जंग: मौत से जंग जीतने निकला 'भोला', देर रात रेस्क्यू कर चिकित्सकों ने बचाई जिंदगी

जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क में क्षेत्रीय वर्चस्व की लड़ाई के दौरान मशहूर बाघ 'भोला' दूसरे बाघ से हुए संघर्ष में गंभीर रूप से घायल हो गया. उसके शरीर पर गहरे जख्म हो गए और संक्रमण के कारण वह शिकार करने में भी असमर्थ हो गया. सूचना मिलने पर वन विभाग ने देर रात रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर उसे सुरक्षित ट्रैंक्विलाइज़ किया और रेस्क्यू सेंटर पहुंचाया.

Advertisement
बाघ भोला का वन चिकित्सकों ने किया रेस्क्यू. (Photo: Lila Singh Bisht/ITG) बाघ भोला का वन चिकित्सकों ने किया रेस्क्यू. (Photo: Lila Singh Bisht/ITG)

लीला सिंह बिष्ट

  • नैनीताल,
  • 27 जून 2026,
  • अपडेटेड 7:45 AM IST

ताकतवर जानवर बाघ भी अगर अपने वर्चस्व की लड़ाई में लहूलुहान हो जाए, तो उसकी दहाड़ भी दर्द में बदल जाती है. कुछ ऐसा ही हुआ कॉर्बेट नेशनल पार्क में. यहां फाटो, झिरना और ढेला सफारी जोन में अक्सर पर्यटकों को दिखाई देने वाला बाघ 'भोला'क्षेत्र पर कब्जे और वर्चस्व की लड़ाई के दौरान दूसरे बाघ से हुए खूनी संघर्ष में गंभीर रूप से घायल हो गया. उसके शरीर पर कई गहरे जख्म हो गए, जिनमें समय के साथ कीड़े पड़ गए.

Advertisement

इस लड़ाई के बाद उसकी हालत इतनी बिगड़ गई कि जंगल का यह शक्तिशाली शिकारी खुद शिकार करने में भी असमर्थ हो गया. जैसे ही घायल बाघ की सूचना कॉर्बेट प्रशासन तक पहुंची, वन्यजीव विशेषज्ञों ने उसकी स्थिति का आकलन किया. चिकित्सकों की राय थी कि घाव बेहद गंभीर हैं और तत्काल इलाज नहीं मिला तो उसकी जान को खतरा हो सकता है. इसके बाद बिना समय गंवाए रेस्क्यू ऑपरेशन का निर्णय लिया गया.

क्षेत्र पर वर्चस्व को लेकर हुई थी लड़ाई. (Photo: Lila Singh Bisht/ITG)

देर रात वन अधिकारियों ने भोला का किया रेस्क्यू
देर रात कॉर्बेट के वरिष्ठ वन्यजीव चिकित्सा अधिकारी डॉ. दुष्यंत शर्मा और उनकी विशेषज्ञ टीम ने बेहद चुनौतीपूर्ण अभियान चलाया. बाघ को सुरक्षित तरीके से ट्रैंक्विलाइज़ कर सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया गया और उसे कॉर्बेट के रेस्क्यू सेंटर लाया गया, जहां विशेषज्ञों की निगरानी में उसका इलाज शुरू कर दिया गया है. 

Advertisement
लड़ाई में गंभीर रूप से घायल हो गया था भोला. (Photo: Lila Singh Bisht/ITG)

कॉर्बेट प्रशासन के अनुसार भोला की हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है. संक्रमण को नियंत्रित करने, घावों को भरने और उसे जल्द स्वस्थ कर दोबारा प्राकृतिक आवास में लौटाने के लिए हरसंभव चिकित्सकीय प्रयास किए जा रहे हैं. यह रेस्क्यू ऑपरेशन न केवल कॉर्बेट की त्वरित वन्यजीव संरक्षण व्यवस्था का उदाहरण है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि जंगल में जीवन का संघर्ष कितना कठोर होता है और समय पर मानवीय हस्तक्षेप कई बार एक बेशकीमती वन्यजीव की जिंदगी बचा सकता है. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »