केदारनाथ में मौसम की मार, एयर एम्बुलेंस बनी 'संजीवनी', 50 से ज्यादा श्रद्धालु एयरलिफ्ट

केदारनाथ धाम की यात्रा के दौरान मौसम में बदलाव और ऊंचाई के कारण श्रद्धालुओं की तबीयत बिगड़ रही है. पुलिस और एसडीआरएफ के जवान तुरंत मदद के लिए पहुंचते हैं और जरूरतमंदों को हेलीपैड तक सुरक्षित पहुंचाते हैं.

Advertisement
केदारनाथ में मौसम के बदलावों के कारण कई बार गंभीर बीमार श्रद्धालुओं को एयरलिफ्ट किया गया है केदारनाथ में मौसम के बदलावों के कारण कई बार गंभीर बीमार श्रद्धालुओं को एयरलिफ्ट किया गया है

प्रवीण सेमवाल

  • रुद्रप्रयाग,
  • 07 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 2:51 PM IST

केदारनाथ धाम की यात्रा के दौरान बदलता मौसम श्रद्धालुओं की परीक्षा ले रहा है. कभी बारिश, कभी बर्फबारी तो कभी तेज धूप के कारण यात्रा की मुश्किलें बढ़ रही हैं. ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड और ऑक्सीजन की कमी के चलते कई श्रद्धालुओं की अचानक तबीयत बिगड़ रही है. ऐसे हालात में एयर एम्बुलेंस गंभीर रूप से बीमार श्रद्धालुओं के लिए संजीवनी साबित हो रही है. अब तक 50 से ज्यादा यात्रियों को एयर एम्बुलेंस के जरिए एयरलिफ्ट किया जा चुका है.

Advertisement

केदारनाथ पैदल यात्रा मार्ग पर किसी श्रद्धालु की तबीयत खराब होने की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ के जवान मदद के लिए पहुंच रहे हैं. दुर्गम रास्तों से बीमार श्रद्धालुओं को सुरक्षित तरीके से हेलीपैड तक लाया जा रहा है. इसके बाद डॉक्टरों की सलाह और मरीज की स्थिति को देखते हुए जरूरत पड़ने पर उन्हें एयर एम्बुलेंस के जरिए आगे उपचार के लिए भेजा जा रहा है.

50 से ज्यादा श्रद्धालुओं को किया गया एयरलिफ्ट

केदारनाथ यात्रा के दौरान अब तक 50 से अधिक श्रद्धालुओं को एयर एम्बुलेंस की सुविधा दी जा चुकी है. समय पर एयरलिफ्ट की सुविधा मिलने के कारण गंभीर रूप से बीमार यात्रियों को जल्द इलाज के लिए पहुंचाने में मदद मिल रही है. यात्रा मार्ग पर कई स्थान ऐसे हैं, जहां सामान्य वाहनों की पहुंच आसान नहीं है.

Advertisement

ऐसे में पुलिस और एसडीआरएफ के जवान यात्रियों तक मदद पहुंचाने की अहम कड़ी बने हुए हैं. किसी यात्री की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलते ही जवान मौके पर पहुंचते हैं. इसके बाद मरीज को दुर्गम रास्तों से सुरक्षित हेलीपैड तक पहुंचाया जाता है. जरूरत पड़ने पर एयर एम्बुलेंस के जरिए मरीज को आगे इलाज के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की जाती है.

डॉक्टरों की सलाह पर होता है एयरलिफ्ट का फैसला

रुद्रप्रयाग की पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर के मुताबिक, केदारनाथ के पैदल यात्रा मार्ग से लेकर धाम तक चिकित्सकों की व्यवस्था की गई है. किसी श्रद्धालु की तबीयत खराब होने पर सबसे पहले डॉक्टर उसकी स्वास्थ्य स्थिति की जांच करते हैं. इसके बाद डॉक्टरों की सलाह के आधार पर ही जरूरतमंद मरीज को एयरलिफ्ट करने का फैसला लिया जाता है.

केदारनाथ की कठिन चढ़ाई के बीच बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं. हालांकि बारिश, बर्फबारी, ठंड और ऊंचाई पर ऑक्सीजन की कमी कुछ यात्रियों के लिए परेशानी पैदा कर रही है. ऐसे में जमीन पर पुलिस और एसडीआरएफ के जवानों की मुस्तैदी और आसमान से एयर एम्बुलेंस की मदद यात्रियों के लिए सुरक्षा की महत्वपूर्ण कड़ी बनी हुई है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »