देहरादून: बेटे को नकल से रोकने पर बवाल, पुलिसकर्मी पिता ने कॉलेज में घुसकर शिक्षकों को पीटा

देहरादून के राजकीय पॉलिटेक्निक पित्थूवाला में परीक्षा के दौरान नकल करते पकड़े गए छात्र के परिजनों पर कॉलेज में घुसकर शिक्षकों और कर्मचारियों से मारपीट करने का आरोप लगा है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षकों में रोष है. विरोध स्वरूप शिक्षक काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन कर रहे हैं और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. वहीं, पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Advertisement
पदक विजेता और आरोपी पुलिसवाले की हौसलाअफजाई करते एसएसपी देहरादून. (Photo: Sagar Sharma/ITG) पदक विजेता और आरोपी पुलिसवाले की हौसलाअफजाई करते एसएसपी देहरादून. (Photo: Sagar Sharma/ITG)

सागर शर्मा

  • देहरादून,
  • 09 जून 2026,
  • अपडेटेड 2:58 PM IST

देहरादून के राजकीय पॉलिटेक्निक पित्थूवाला में शिक्षकों के साथ मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है. आरोप है कि परीक्षा में नकल करते पकड़े गए छात्र के परिजन कॉलेज परिसर में घुस आए और शिक्षकों व कर्मचारियों के साथ मारपीट की. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षकों में भारी आक्रोश है. विरोध स्वरूप शिक्षक काली पट्टी बांधकर कार्य कर रहे हैं और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.

Advertisement

पुलिस के मौजूदगी में भी की पिटाई
जानकारी के मुताबिक 4 जून को पॉलिटेक्निक में परीक्षा के दौरान दो छात्र एक-दूसरे की कॉपी से नकल करते हुए सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए थे. इसके बाद परीक्षा नियंत्रक समिति ने दोनों छात्रों को बुलाकर पूछताछ की. कॉलेज प्रशासन का कहना है कि छात्रों को समझाया गया और एक छात्र से माफीनामा लिखने के लिए कहा गया. इसी दौरान छात्र ने कथित तौर पर कहा कि उसके परिजन पुलिस विभाग में कार्यरत हैं और उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाए, क्योंकि इससे उसका करियर प्रभावित होगा.

कॉलेज स्टाफ के अनुसार मामले को वहीं समाप्त कर छात्र को दोबारा परीक्षा देने की अनुमति दे दी गई. लेकिन अगले दिन 5 जून को छात्र के माता-पिता, मौसी और एक अन्य व्यक्ति कॉलेज पहुंच गए. आरोप है कि चारों लोग सीधे कंट्रोल रूम में घुस गए और वहां मौजूद कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी. शोर सुनकर जब अन्य शिक्षक मौके पर पहुंचे तो उनके साथ भी धक्का-मुक्की की गई.

Advertisement

शिक्षकों का आरोप है कि घटना की सूचना मिलने पर आईएसबीटी चौकी से पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे, लेकिन उनके सामने भी हंगामा जारी रहा. कॉलेज स्टाफ का दावा है कि छात्र के पिता और मामा पुलिस विभाग में कार्यरत हैं, जबकि उनके साथ मौजूद एक अन्य व्यक्ति जूनियर इंजीनियर है.

पुलिस ने शुरू की जांच
घटना के बाद पॉलिटेक्निक के शिक्षकों और कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है. उनका कहना है कि जब तक आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा. शिक्षकों ने काली पट्टी बांधकर काम करना शुरू कर दिया है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है.

उधर, पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. सीओ सदर अंकित कंडारी ने बताया कि एक पक्ष ने शिक्षकों पर छात्र के साथ मारपीट का आरोप लगाया है, जबकि दूसरे पक्ष ने कॉलेज में घुसकर शिक्षकों और कर्मचारियों से मारपीट किए जाने की शिकायत दी है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है. जांच के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

बड़ी बात यह है कि इस मामले में छात्र के जिन अभिभावकों ने टीचरों के साथ मारपीट की है, उनमें से छात्र के पिता और मामा दोनों पुलिस विभाग में नौकरी करते हैं और पिता महेश कंडवाल जो हाल ही में उत्तराखंड पुलिस के लिए लखनऊ में आयोजित हुई मास्टर्स बैडमिंटन चैंपियनशिप में मेडल जीत कर आए हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »