उत्तराखंड: पैतृक गांव पंचूर में CM योगी ने की 'हरि विष्णु पंचदेव मंदिर' की प्राण प्रतिष्ठा, जागरण में भी हुए शामिल

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने पैतृक गांव पंचूर (उत्तराखंड) के दो दिवसीय दौरे पर रहे. इस दौरान उन्होंने न केवल नवनिर्मित मंदिर में मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा की, बल्कि अपने पैतृक घर में रात बिताते हुए पहाड़ी संस्कृति और परंपराओं का आनंद भी लिया.

Advertisement
उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे पर हैं सीएम योगी (Photo- X) उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे पर हैं सीएम योगी (Photo- X)

मंजीत नेगी

  • पौड़ी गढ़वाल,
  • 08 मई 2026,
  • अपडेटेड 5:08 PM IST

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को उत्तराखंड के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में नवनिर्मित 'हरि विष्णु पंचदेव मंदिर' में मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा की. सीएम योगी 7 मई की दोपहर हेलीकॉप्टर से अपने गांव पहुंचे थे, जहां ग्रामीणों ने उनका जोरदार स्वागत किया. उन्होंने गुरुवार की रात अपने पैतृक आवास पर बिताई और स्थानीय 'जागर' (जागरण) अनुष्ठान में भाग लिया. शुक्रवार सुबह वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान विष्णु, गणेश, शंकर, मां दुर्गा और हनुमान जी की प्रतिमाएं स्थापित की गईं. इस आध्यात्मिक यात्रा के दौरान योगी आदित्यनाथ ने जिम का उद्घाटन भी किया.

Advertisement

भावुक पल: पैतृक घर में रात और रातभर चला 'जागर'

योगी आदित्यनाथ जब अपने गांव पहुंचे, तो वह एक मुख्यमंत्री नहीं बल्कि उस मिट्टी के बेटे के रूप में नजर आए. गुरुवार की रात बेहद भावुक रही, जब उन्होंने अपने पुराने घर में समय बिताया. पहाड़ों की ठंडी हवाओं के बीच रातभर देवताओं के आह्वान की परंपरा 'जागर' का आयोजन हुआ. सीएम  योगी ने न केवल इस धार्मिक उत्सव में हिस्सा लिया, बल्कि ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी बातें भी सुनीं. बच्चों के साथ उनकी आत्मीय बातचीत ने सबका दिल जीत लिया.

दिव्य मंदिर और पांच देवताओं की प्राण प्रतिष्ठा

8 मई की तारीख पंचूर गांव के इतिहास में दर्ज हो गई. नवनिर्मित 'हरि विष्णु पंचदेव मंदिर' की दिव्यता देखते ही बनती है. इस मंदिर की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यहां भगवान विष्णु के साथ प्रथम पूज्य गणेश, महादेव, आदि शक्ति मां दुर्गा और संकटमोचन हनुमान जी की मूर्तियां एक साथ स्थापित की गई हैं. शुक्रवार सुबह मंदिर की घंटियों और वैदिक मंत्रों की गूंज के बीच योगी जी ने पूर्ण श्रद्धा के साथ अनुष्ठान संपन्न कराया.

Advertisement

विशाल भंडारा और फिटनेस का संदेश

प्राण प्रतिष्ठा के बाद एक विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें आसपास के दर्जनों गांवों के लोग शामिल हुए. इस दौरे का एक और दिलचस्प नजारा पौड़ी के महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय में दिखा. यहां ओपन जिम की शुरुआत के मौके पर मुख्यमंत्री फिटनेस के अंदाज में नजर आए. उन्होंने जिम के उपकरणों का जायजा लिया और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया. ग्रामीणों के लिए अपने 'योगी जी' को इतने करीब से देखना किसी उत्सव से कम नहीं था.

जड़ों की ओर एक आध्यात्मिक यात्रा

योगी आदित्यनाथ का यह दो दिवसीय दौरा महज एक राजनीतिक दौरा नहीं, बल्कि अपनी जड़ों की ओर वापसी की एक आध्यात्मिक यात्रा बताई जा रही है. इस कार्यकाल में यह उनका अपने गांव का लगातार तीसरा दौरा है. मंदिर, मूर्तियां और अपनों का साथ- पंचूर से विदा लेते समय सीएम योगी की आंखों में एक अलग ही संतोष और सुकून दिखाई दे रहा था.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement