देहरादून से जारी चारधाम एवं हेमकुंड साहिब यात्रा 2026 के आंकड़ों ने इस बार श्रद्धालुओं के उत्साह को साफ तौर पर दिखा दिया है. 18 मार्च 2026 तक जारी डेली बुलेटिन के अनुसार कुल 6,86,305 पंजीकरण दर्ज किए जा चुके हैं. यह संख्या लगातार तेजी से बढ़ रही है और संकेत दे रही है कि इस साल यात्रा में नया रिकॉर्ड बन सकता है.
धामवार आंकड़ों की बात करें तो केदारनाथ धाम सबसे आगे है. यहां अब तक 2,29,295 श्रद्धालुओं ने रजिस्ट्रेशन कराया है. बाबा केदारनाथ के दर्शन को लेकर हर साल की तरह इस बार भी श्रद्धालुओं में सबसे ज्यादा उत्साह देखने को मिल रहा है.
बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री में भी बड़ी संख्या में रजिस्ट्रेशन
वहीं बद्रीनाथ धाम के लिए 2,02,622 श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कराया है. इसके अलावा गंगोत्री के लिए 1,28,253 और यमुनोत्री के लिए 1,25,366 श्रद्धालुओं ने रजिस्ट्रेशन किया है. इन आंकड़ों से साफ है कि चारों धामों को लेकर लोगों में भारी उत्साह बना हुआ है.
हेमकुंड साहिब के लिए भी लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या
हेमकुंड साहिब के लिए भी 769 श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कराया है. यह संख्या भले ही अन्य धामों की तुलना में कम है, लेकिन लगातार बढ़ती जा रही है. कुल मिलाकर चारधाम यात्रा 2026 को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है. तेजी से बढ़ते पंजीकरण यह संकेत दे रहे हैं कि इस साल यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या पिछले रिकॉर्ड को भी पार कर सकती है.
अंकित शर्मा