उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में एक जूता शोरूम में कथित तौर पर बजरंग दल कार्यकर्ताओं द्वारा हंगामा किए जाने का मामला सामने आया है. आरोप है कि इस दौरान दो मैनेजरों के नाम टैग पर 'जिहादी' लिख दिया गया, जिससे मामला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया.
सूत्रों के मुताबिक यह घटना गुरुवार को राजपुर रोड स्थित एक फुटवियर आउटलेट में हुई. आरोप है कि बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने वहां पहुंचकर कर्मचारियों पर कथित उत्पीड़न के आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया.
ज्यादा काम, लेकिन पैसा नहीं देते थे
बजरंग दल के उत्तराखंड राज्य संयोजक विकास वर्मा, जिन्होंने इस समूह का नेतृत्व किया, उन्होंने दावा किया कि उन्हें शिकायत मिली थी कि मुस्लिम मैनेजर हिंदू कर्मचारियों से चार घंटे अतिरिक्त काम करवाते थे और अतिरिक्त भुगतान नहीं देते थे. साथ ही उन पर झूठे आरोप लगाकर वेतन में कटौती की जाती थी.
हालांकि विकास वर्मा ने यह भी कहा कि पहले पुलिस को शिकायत दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद यह कदम उठाया गया.
वहीं पुलिस ने कहा है कि उन्हें इस मामले में अभी तक कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली हुई है. एसपी सिटी प्रमोद कुमार के अनुसार, यदि शिकायत मिलती है तो कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी. पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है और स्थिति पर नजर रखे हुए है.
aajtak.in