यूपी के बाराबंकी में बड़ा हादसा, बिहार जा रही बस में ट्रक ने मारी टक्कर, 18 की मौत

यूपी के बाराबंकी में भीषण सड़क हादसा हुआ है, जहां एक बस को पीछे से एक ट्रक ने टक्कर मार दी. इस हादसे में 18 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हो गई है, जबकि दर्जनभर से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं.

Advertisement
हरियाणा से बिहार जा रही थी बस हरियाणा से बिहार जा रही थी बस

सैयद रेहान मुस्तफ़ा / अभिषेक मिश्रा

  • बाराबंकी,
  • 28 जुलाई 2021,
  • अपडेटेड 9:59 AM IST
  • हरियाणा के पलवल से बिहार जा रही थी बस
  • एक्सल टूटने के कारण किनारे खड़ी थी बस

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में भीषण सड़क हादसा हुआ है, जहां एक बस को पीछे से एक ट्रक ने टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि लाशें सड़कों पर बिखर गईं. इस हादसे में 18 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हो गई है, जबकि दर्जनभर से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं. 

हादसा बाराबंकी के रामसनेही घाट के पास अयोध्या-लखनऊ हाइवे पर आधी रात को हुआ है. बताया जा रहा है कि बस हरियाणा के पलवल से बिहार जा रही थी. बस में मजदूर सवार थे, जो बिहार लौट रहे थे.

Advertisement

बस में लगभग 140 यात्री सवार थे, जिनमें से 18 की मौके पर ही मौत हो गई. घायल ने बताया कि वो सभी पंजाब और हरियाणा में मजदूरी करते थे और अपने घर बिहार लौट रहे थे.  

पीएम मोदी ने किया मुआवजे का ऐलान

पीएम मोदी ने हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों को दो लाख रुपये और घायलों को पचास हजार रुपये के मुआवजे का ऐलान किया है. इस हादसे को लेकर पीएम मोदी ने सीएम योगी से बात की है और मारे गए लोगों के परिजनों के प्रति अपनी संवेदना जाहिर की है. सीएम योगी ने भी दुख जाहिर किया है और बाराबंकी के डीएम और एसपी को हादसे के शिकार लोगों को बेहतर इलाज और उनके गंतव्य स्थानों तक पहुंचने की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए हैं.

राष्ट्रपति ने भी जताया दुख

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने ट्वीट कर कहा कि, बाराबंकी, उत्तर प्रदेश में हुए सड़क हादसे में अनेक लोगों की असमय मृत्यु की खबर से अत्यंत पीड़ा हुई है. दुःख की इस घड़ी में, शोकग्रस्त परिवारों के प्रति मैं गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं.

Advertisement

हादसे पर क्या बोले अफसर?

बाराबंकी के एसपी यमुना प्रसाद ने बताया कि बस का एक्सल टूटने की वजह से यह थाना रामसनेहीघाट के ढाबे के पास खड़ी हुई थी. तभी रात में पीछे से आ रहे तेज रफ्तार एक ट्रक ने टक्कर मार दी. जिसमें 18 लोगों की मौत हो गई है. दो दर्जन से ज्यादा लोग घायल हैं.

सभी का बाराबंकी और लखनऊ के ट्रामा सेंटर में इलाज चल रहा है. ये सभी हरियाणा से बिहार जा रहे थे. पुलिस के मुताबिक, मारे गए मजदूर बिहार के सीतामढ़ी, दरभंगा और बाकी जगहों से थे.

घटनास्थल पर ADG एसएन साबत और एसपी यमुना प्रसाद पहुंच चुके हैं. हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि कुछ लाशें गाड़ी के नीचे दबे होने की आशंका है. जेसीबी के जरिए रेस्क्यू किया जा रहा है. इस मामले में अभी तक केस दर्ज नहीं किया गया है. 

सड़क हादसे में हुई मौतों पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख जताया है. सीएम की ओर से जिला प्रशासन को घायलों के मुफ्त इलाज कराने के निर्देश दिए गए हैं. 

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »