सोनिया बोलीं- कांग्रेस ने सियासी नुकसान उठाकर बनाया तेलंगाना, पर गलत हाथों में चला गया

तेलंगाना राज्य के गठन के बाद शुक्रवार को पहली बार यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी ने सूबे में रैली को संबोधित किया. इसके बाद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी जनसभा को संबोधित किया हैं. इससे पहले मंच पर पहुंचते ही सोनिया गांधी को तेलंगाना राज्य के गठन में अहम भूमिका निभाने के लिए सम्मानित किया गया.

Advertisement
सोनिया गांधी (फोटो-कांग्रेस ट्विटर) सोनिया गांधी (फोटो-कांग्रेस ट्विटर)

राम कृष्ण

  • मेडचल,
  • 23 नवंबर 2018,
  • अपडेटेड 8:52 PM IST

यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी ने शुक्रवार को तेलंगाना के मेडचल में चुनावी रैली को संबोधित किया. कांग्रेस पार्टी की मेडचल में हुई यह रैली इसलिए भी अहम है, क्योंकि तेलंगाना गठन के बाद पहली बार यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी राज्य में जनसभा को संबोधित किया है. सोनिया गांधी ने अपने संबोधन की शुरुआत तेलंगानावासियों को कार्तिक पूर्णिमा की बधाई देते हुए की.

Advertisement

इस दौरान सोनिया गांधी ने कहा कि तेलंगाना राज्य का गठन आसान काम नहीं था, लेकिन कांग्रेस पार्टी ने राजनीतिक नुकसान उठाकर इसका गठन कराया. सोनिया गांधी ने कहा कि तेलंगाना राज्य के गठन के बाद यह उन लोगों के हाथ में पड़ गई, जो अपना ध्यान तो रखा, लेकिन तेलंगाना बच्चे को उसके ही हाल में छोड़ दिया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने सभी के कल्याण की योजना के बारे में अपने घोषणा पत्र में ऐलान किया है. इस बीच सोनिया गांधी ने राज्य की टीआरएस सरकार पर जमकर हमला बोला.

उन्होंने जनसभा में मौजूद लोगों से पूछा कि क्या तेलंगाना के जन्म के समय जो सपने आपने देखे थे, उनमें से पिछले चार सालों में कितने पूरे हुए? उन्होंने लोगों से कांग्रेस पार्टी और गठबंधन में शामिल अपने सहयोगी दलों को वोट देकर जिताने की अपील की.

Advertisement

तेलंगाना आकर बेटे से मिलने जैसी खुशी मिलीः सोनिया गांधी

सोनिया गांधी ने कहा, 'आज मैं तेलंगाना आई हूं, तो बहुत खुश हूं. मेरी खुशी वैसी ही है जैसी एक मां की अपने बेटे से मिलने पर होती है. हर मां चाहती है कि उसकी संतान फूले-फले और आगे बढ़े, लेकिन आज तेलंगाना राज्य की स्थिति को देखकर मैं बहुत दुखी हूं. आपको इस बात का एहसास है कि जितना तेलंगाना का विकास होना चाहिए था, उतना नहीं हुआ है.'

सोनिया बोलीं- तेलंगाना का विकास नहीं होने से दुखी हूं

सोनिया ने रैली में मौजूद लोगों से पूछा कि तेलंगाना के जन्म के समय जो सपने आपने देखे थे, वो पिछले चार साल में कितने पूरे हुए? उन्होंने कहा कि नया राज्य इसीलिए बना था कि किसानों को पानी और लोगों को रोजगार मिलेगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ. यहां के किसान आत्महत्या करने को मजबूर हैं. किसानों के लिए कुछ करना तो दूर, यहां की तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) सरकार ने यूपीए सरकार के भूमि अधिग्रहण कानून को भी जानबूझकर नज़रअंदाज किया.

तेलंगाना के नौजवान निराश, रोजगार के लिए भटक रहेः सोनिया

यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा कि यहां के लोगों को मनरेगा का लाभ भी नहीं मिला. तेलंगाना के नौजवान आज निराश हैं और रोजगार की तलाश में भटक रहे हैं. सोनिया गांधी ने कहा, 'पहले मैं जब भी यहां आती थी और यहां की महिलाओं से मिलती थी, तो उनकी स्वयं सहायक संस्थाओं को देखती थी. इसके बाद मैं जब भी दूसरे प्रदेशों में जाती थी, तो यहां कि मिसाल देती थी. लेकिन दुख की बात यह है कि यहां की महिलाओं को आगे बढ़ाने का कारगर हथियार ही टीआरएस सरकार ने खत्म कर दिया.

Advertisement

सोनिया के बाद राहुल गांधी क्या बोले?

सोनिया गांधी के बाद राहुल गांधी ने मेडचल में चुनावी रैली को संबोधित किया. कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि तेलंगाना के गठन में सोनिया गांधी का भी योगदान है. तेलंगाना के लोगों ने कड़े संघर्ष के बाद इस राज्य को बनाया है. तेलंगाना राज्य बनाने के मसले पर सोनिया गांधी जनता के साथ हमेशा खड़ी रहीं. उन्होंने कहा कि तेलंगाना के गठन के बाद से यहां एक व्यक्ति की सरकार रही है, लेकिन कांग्रेस एक व्यक्ति की सरकार नहीं होगी. यह यहां के किसानों और नौजवानों की सरकार होगी.

उन्होंने कहा कि पिछले 5 साल में टीआरएस का जो राज हुआ, वो अब खत्म होने जा रहा है और इस राज को खत्म करने के लिए कांग्रेस पार्टी, TJS, TDP और CPI ने हाथ मिला लिया है. इस गठबंधन में तेलंगाना के युवाओं, किसानों, महिलाओं की आवाज गूंज रही है. जो सपना आपके मुख्यमंत्री ने पूरा नहीं किया, उस सपने को पूरा करने का काम ये गठबंधन करेगा. अगर तेलंगाना बना, तो जरूर तेलंगाना की जनता ने अपने खून पसीने से ये प्रदेश बनाया.

रैली की व्यापक तैयारियां की गईं

इस रैली के लिए व्यापक तौर पर तैयारियां की गई हैं. 70 विधानसभा क्षेत्रों में एलईडी स्क्रीन लगाई गई हैं, ताकि राज्य की ज्यादा से ज्यादा जनता सोनिया गांधी को सुन सके. इस जनसभा में कई सामाजिक संगठन तेलंगाना के गठन में प्रमुख भूमिका निभाने के लिए सोनिया गांधी को सम्मानित भी किया गया है.

Advertisement

वहीं, कांग्रेस ने मेडचल में यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी की जनसभा के लिए तेदेपा और महागठबंधन के दूसरे साझीदारों को न्योता भेजा है. हालांकि तेदेपा प्रमुख चंद्रबाबू नायडू इस रैली के दौरान सोनिया गांधी और राहुल गांधी के साथ मंच साझा नहीं करेंगे. कांग्रेस ने पिछले महीने तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) के खिलाफ तेदेपा और तेलंगाना जन समिति, भाकपा के साथ गठबंधन किया था.

कांग्रेस के राज्य प्रभारी आरसी खुंटिया ने बताया कि राहुल गांधी के 28 और 29 नवंबर को राज्य के दौरे के समय नायडू कांग्रेस के साथ प्रचार करेंगे. हालांकि नायडू सभी सभाओं में मंच साझा नहीं करेंगे.

लंबे समय के बाद सोनिया का प्रचार

हाल में कर्नाटक विधानसभा चुनाव में यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी ने 21 महीने के ब्रेक के बाद 2 रैलियां की थीं. इससे पहले उन्होंने 2 अगस्त 2016 को उत्तर प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकसभा क्षेत्र वाराणसी में रोड शो किया था, लेकिन इस शो के समापन स्थल से चंद किलोमीटर दूर उनकी तबियत खराब हो जाने की वजह से उन्हें दिल्ली आना पड़ा था.

इसके बाद उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, पंजाब, गोवा, हिमांचल प्रदेश, मणिपुर, मेघालय, नागालैंड और त्रिपुरा के विधानसभा चुनावों से भी सोनिया दूर रहीं. हालांकि सोनिया गांधी हिमांचल प्रदेश में चुनाव से ठीक पहले वे अक्टूबर 2017 में शिमला गईं थीं. लेकिन यह चुनावी दौरा नहीं था, बल्कि वो छुट्टी पर गई थीं और इस दौरान तबीयत खराब होने की वजह से उन्हें बीच में ही वापस आना पड़ा था.

Advertisement

इसके बाद उन्हें दिसंबर 2017 में गोवा में एक रिजॉर्ट में छुट्टी के दौरान साइक्लिंग करते देखा गया था. यह भी चुनावी दौरा नहीं था. मई 2018 के बाद अब सोनिया गांधी एक बार फिर चुनावी समर में कांग्रेस के लिए प्रचार करने जा रही हैं और इससे ठीक पहले उठा यह विवाद तेलंगाना विधानसभा चुनाव में क्या गुल खिलाएगा, ये तो 11 दिसंबर को ही पता चलेगा.

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »