संसद के शीतकालीन सत्र पर सस्पेंस बरकरार, बीजेपी-कांग्रेस के दिग्गज गुजरात चुनाव में व्यस्त

बीते साल ये सत्र 16 नवंबर से शुरू होकर 16 दिसंबर तक चला था. इस बार दो राज्यों में चुनावी प्रक्रिया जारी रहने की वजह से शीतकालीन सत्र को लेकर सरकार ने खामोशी ओढ़ रखी है.

Advertisement
संसद भवन संसद भवन

खुशदीप सहगल / हिमांशु मिश्रा

  • नई दिल्ली,
  • 09 नवंबर 2017,
  • अपडेटेड 9:10 PM IST

संसद का शीतकालीन सत्र कब शुरू होगा? सत्ता के गलियारों में इस सवाल को लेकर सस्पेंस बरकरार है. आम तौर पर शीतकालीन सत्र नवंबर के तीसरे हफ्ते में शुरू होता है. बीते साल ये सत्र 16 नवंबर से शुरू होकर 16 दिसंबर तक चला था. इस बार दो राज्यों में चुनावी प्रक्रिया जारी रहने की वजह से शीतकालीन सत्र को लेकर सरकार ने खामोशी ओढ़ रखी है. वहीं, विपक्ष की तरफ से भी सत्र को लेकर जिस तरह की सक्रियता दिखाई जानी चाहिए, वो नजर नहीं आ रही.  

Advertisement

सूत्रों की मानें तो मोदी सरकार गुजरात विधानसभा चुनाव की वजह से संसद के शीतकालीन सत्र को दिसंबर के दूसरे हफ्ते से शुरू करने पर सोच रही है. गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए दो चरणों में, 9 और 14 दिसंबर को मतदान होना है. हिमाचल में गुरुवार को मतदान संपन्न होने के बाद अब पूरा फोकस गुजरात चुनाव पर आ गया है. गुजरात चुनाव प्रचार के लिए बीजेपी और कांग्रेस, दोनों ही पार्टियों के बड़े नेता व्यस्त रहने वाले हैं. ऐसे में दोनों ही पार्टियों ने संसद के शीतकालीन सत्र को लेकर चुप्पी साध रखी है.  

बता दें कि बीजेपी और कांग्रेस के दिग्गज पिछले कई हफ्तों से गुजरात के ताबड़तोड़ दौरे कर रहे हैं. लेकिन गुजरात देश में अकेला राज्य नहीं है और बीजेपी और कांग्रेस के अलावा देश में और भी कई राजनीतिक दल हैं. संसद का शीतकालीन सत्र पूरे देश से जुड़ा सवाल है. ऐसे में सवाल उठ सकता है कि राज्य में चुनाव की वजह से संसद की अनदेखी क्यों?    

Advertisement

सूत्र यह भी बताते हैं कि बजट सत्र फरवरी में होने वाला है इसलिए शीतकालीन सत्र होगा तो उसकी अवधि छोटी ही रहेगी. बीते साल 16 नवंबर से 16 दिसंबर तक चले शीतकालीन सत्र में 22 बैठकें हुई थीं. पिछले साल की शुरुआत 1 फरवरी से हुई थी.

सूत्रों की मानें तो अभी तक संसदीय मामलों की की बैठक भी नहीं बुलाई गई है. संभावना है कि अगले हफ्ते ये बैठक बुलाई जा सकती है. संसद सत्र शुरू करने से 15 दिन पहले सभी संसद सदस्यों को सूचना देनी होती हैं जिससे कि वे सत्र के लिए अपनी तैयारी पूरी कर लें. सभी सांसदो को संसद में में पूछे जाने वाले पूरक और लिखित सवाल लगभग 20 दिन पहले टेबल ऑफिस में भेजने होते हैं.अब देखना है कि संसद का शीतकालीन सत्र कब तक शुरू होता है.

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »