कांग्रेस नेता और पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद ने एक बार फिर शीर्ष नेतृत्व को लेकर बड़ा बयान दिया. सलमान खुर्शीद ने कहा कि आज कई लोग पार्टी छोड़कर चले गए. इस मौजूदा परिस्थिति की समीक्षा की जानी चाहिए.
सलमान खुर्शीद ने कहा, 'मुझे बहुत दर्द और चिंता है कि हम आज एक पार्टी के रूप में कहां हैं. इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि क्या होगा लेकिन हम पार्टी नहीं छोड़ेंगे. हम उन लोगों की तरह नहीं हैं जिन्हें पार्टी से सब कुछ मिला और जब बुरा वक्त आया तो वे पार्टी छोड़ कर चले गए.'
सलमान खुर्शीद ने कहा है कि कांग्रेस से उनका मोहभंग नहीं हुआ है. साथ ही उन्होंने कहा है कि कांग्रेस को हालात की समीक्षा करनी चाहिए. कांग्रेस अध्यक्ष पद से राहुल गांधी के इस्तीफे पर खुर्शीद ने कहा कि राहुल गांधी ने अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया, हम उनके निर्णय का सम्मान करते हैं, लेकिन राहुल पार्टी के अहम नेता हैं और रहेंगे.
उन्होंने कहा कि हमें यह जानने की आवश्यकता है कि हम उस स्थिति में क्यों हैं, जिसमें आज हम हैं. दुर्भाग्यवश हमारे पुरजोर आग्रह के बावजूद राहुल गांधी ने पद छोड़ने और अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने का फैसला किया. हम चाहते थे कि वह पद पर बने रहे लेकिन यह उनका फैसला था और हम इसका सम्मान करते हैं.
खुर्शीद ने कहा कि इतिहास में शायद यह एकमात्र मौका है जब एक बड़ी हार के कारण पार्टी को अपने नेता पर विश्वास नहीं खोना पड़ा है. अगर राहुल गांधी रुकते तो हम अपनी हार के कारणों को बेहतर समझ सकते थे.
मौसमी सिंह