पंजाब के संगरूर में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के कार्यालय पर पेट्रोल बम से हमला किए जाने का मामला सामने आया है. यह घटना शनिवार और रविवार की दरमियानी रात की बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब 3 बजे अज्ञात व्यक्ति ने कांच की बोतल में पेट्रोल भरकर बीजेपी कार्यालय की ओर फेंका.
बताया जा रहा है कि पेट्रोल से भरे बोतल के कार्यालय की दीवार से टकराने के बाद आग लग गई. आग लगने के कारण दीवारों पर काले रंग के निशान दिखाई दे रहे हैं. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है.
बीजेपी कार्यालय पर क्यों हुआ हमला? जांच में जुटी पुलिस
हालांकि, अभी तक हमले के पीछे का कारण और आरोपी की पहचान स्पष्ट नहीं हो पाई है. पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि हमला किसी राजनीतिक रंजिश के चलते किया गया या इसके पीछे कोई अन्य कारण है. घटनास्थल से मिले सबूतों को भी जांच का हिस्सा बनाया जा रहा है.
बीजेपी कार्यालय पर हुए इस हमले के बाद राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और जांच पूरी होने के बाद ही घटना को लेकर और अधिक जानकारी सामने आने की उम्मीद है.
कुलवीर सिंह