पंजाब के बरनाला में एक शख्स ने खेत में चारा काट रही अपनी पत्नी की कथित तौर पर कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी. वारदात के बाद आरोपी पति ने भी जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे उसकी मौत हो गई. मृतकों की पहचान करीब 50 वर्षीय भोला सिंह और उसकी पत्नी करमजीत कौर उर्फ कम्मो के रूप में हुई है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
पुलिस के मुताबिक, यह घटना शुक्रवार दोपहर चन्ननवाल गांव के पास खेतों में हुई. महल कलां थाने की एसएचओ कमलजीत कौर ने बताया कि करमजीत कौर रोजाना की तरह गांव की एक अन्य महिला मनजीत कौर के साथ मवेशियों के लिए चारा लेने गई थी. इसी दौरान खेत में घास काटते समय उसके पति भोला सिंह ने पीछे से आकर कुल्हाड़ी से कई वार कर दिए.
यह भी पढ़ें: बरनाला में सफाई कर्मचारियों पर लाठीचार्ज पड़ा भारी, पंजाब सरकार ने DSP को किया सस्पेंड... आखिर ऐसा क्या हुआ था?
हमले में करमजीत कौर की मौके पर ही मौत हो गई. पत्नी की हत्या करने के बाद भोला सिंह गांव लौट आया और उसने जहरीला पदार्थ खा लिया. हालत बिगड़ने पर उसे बरनाला के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
खेत में वारदात, पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे. डीएसपी जसविंदर कौर ने दोनों की मौत की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि हत्या और उसके बाद आत्महत्या के पीछे क्या वजह थी. फिलहाल घटना के कारणों की पुष्टि नहीं हुई है.
इस दंपति के चार बच्चे हैं, जिनमें तीन बेटियां और एक बेटा शामिल हैं. परिवार की जानकारी के मुताबिक, सबसे बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि बाकी बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं. अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
नशे की लत और पारिवारिक विवाद की भी जांच
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, भोला सिंह कथित तौर पर नशे का आदी था. बताया जा रहा है कि इस वजह से परिवार में अक्सर विवाद होते थे. हालांकि, पुलिस ने अभी यह पुष्टि नहीं की है कि घटना के पीछे नशे की लत या किसी तरह का शक था. जांच के बाद ही हत्या की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी.
भोला सिंह दिहाड़ी मजदूरी करता था. उसने दो शादियां की थीं और पहली शादी से उसका एक बेटा भी था, जो गांव में ही अलग रहता है. वहीं, करमजीत कौर परिवार की आर्थिक मदद के लिए पशुपालन करती थी. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.
aajtak.in