पंजाब में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों पर चलाए जा रहे सुरक्षा अभियान के तहत काउंटर इंटेलिजेंस (CI) अमृतसर को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने गैर-कानूनी हथियारों की तस्करी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
आरोपियों के पास से 10 एडवांस पिस्तौल, मैगजीन और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं. पंजाब के DGP गौरव यादव ने रविवार को इस कार्रवाई की जानकारी दी.
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान तरनतारन जिले के हवेलीयां गांव निवासी गुरप्रीत सिंह (पिता इकबाल सिंह) और गुरप्रीत सिंह (पिता गुलजार सिंह) के रूप में हुई है.
सीमा पार से मिल रही थी हथियारों की खेप
DGP गौरव यादव ने बताया कि शुरुआती जांच से पता चला है कि दोनों आरोपी विदेश में बैठे एक हैंडलर के संपर्क में थे. वो भारत-पाक सीमा पार से ड्रोन के जरिए अवैध हथियारों की खेप हासिल कर रहे थे. इन हथियारों की पंजाब में दूसरे असामाजिक तत्वों और पार्टियों को सप्लाई की जानी थी.
पुलिस टीमों ने आरोपियों के पास से नौ 9MM पिस्तौल और एक .30 बोर की पिस्तौल बरामद की है. इसके साथ ही हथियारों की डिलीवरी के लिए इस्तेमाल की जा रही उनकी ग्रे रंग की बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल (PB-38-C-1658) को भी जब्त कर लिया गया है.
GT रोड से हुई गिरफ्तारी
काउंटर इंटेलिजेंस अमृतसर की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि भारत-पाकिस्तान सीमा के पास बसे हवेलीयां गांव के इलाके में दोनों आरोपियों ने ड्रोन के जरिए हथियारों की बड़ी खेप बरामद की है. वो इसे किसी दूसरी पार्टी को सौंपने की तैयारी में थे.
सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने अमृतसर-अटारी जीटी रोड पर खासा गांव के पास घेराबंदी की और दोनों आरोपियों को धर दबोचा. तलाशी लेने पर उनके पास से 10 पिस्तौल, मैगजीन और कारतूस मिले.
डीजीपी ने बताया कि इस नेटवर्क के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज का पता लगाने के लिए जांच जारी है. पुलिस ये पता लगा रही है कि इस सीमा पार तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन से सहयोगी शामिल हैं.
यह भी पढ़ें: नशा तस्कर की बिल्डिंग पर चला बुलडोजर... अमृतसर में पुलिस का बड़ा एक्शन, मकान किया जमींदोज
इस मामले में स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (SSOC) थाना अमृतसर में 22 अगस्त 2026 को आर्म्स एक्ट की धारा 25, 25(1)(A), 25(8) और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 61(2) के तहत FIR दर्ज की गई है.
कमलजीत संधू