परविंदर सिंह झोटा का 26 दिन बाद अंतिम संस्कार, पैतृक गांव में परिवार ने दी आखिरी विदाई

नशे के खिलाफ अभियान चलाने वाले परविंदर सिंह झोटा का 26 दिन बाद उनके ही खेत में अंतिम संस्कार कर दिया गया. चंडीगढ़ के PGI से पार्थिव शरीर मानसा लाया गया, जहां समर्थकों ने फूल बरसाकर उन्हें आखिरी विदाई दी. परिवार ने झोटा को शहीद बताते हुए उनकी हत्या के पीछे राजनीतिक साजिश का आरोप लगाया है. पिता ने मामले की निष्पक्ष जांच और स्थानीय SSP के तबादले की मांग की है.

Advertisement
परविंदर सिंह झोटा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. (फोटो-ITG) परविंदर सिंह झोटा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. (फोटो-ITG)

अमरजीत सिंह चहल

  • चंडीगढ़,
  • 08 नवंबर 2026,
  • अपडेटेड 3:20 PM IST

पंजाब के मानसा में नशे के खिलाफ अभियान चलाने वाले परविंदर सिंह झोटा का रविवार को उनके ही खेत में अंतिम संस्कार कर दिया गया. हत्या के 26 दिन बाद परिवार ने उन्हें आखिरी विदाई दी. चंडीगढ़ के PGI से झोटा का पार्थिव शरीर मानसा लाया गया, जहां बड़ी संख्या में लोग जुटे. इस दौरान लोगों ने उनके पार्थिव शरीर पर फूल बरसाए और 'परविंदर झोटा अमर रहे' के नारे लगाए. शव को पहले प्रदर्शन स्थल पर ले जाया गया और फिर उनके घर पहुंचाया गया. इसके बाद परिवार के खेत में अंतिम संस्कार किया गया.

Advertisement

झोटा के पिता भीम सिंह ने बेटे की हत्या के पीछे राजनीतिक नेताओं और पुलिस अधिकारियों की मिलीभगत का आरोप लगाया है. उन्होंने मामले की पूरी जांच कराने और स्थानीय SSP का तत्काल तबादला करने की मांग की. भीम सिंह ने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार और स्थानीय पुलिस प्रशासन की मिलीभगत से नशा तस्करों ने उनके बेटे की हत्या की साजिश रची. उन्होंने कहा कि हत्या के पीछे जिन राजनीतिक लोगों का हाथ है, वे अब भी खुलेआम घूम रहे हैं. उनके मुताबिक, जब तक मामले की निष्पक्ष जांच नहीं होती और साजिश में शामिल लोगों को जेल नहीं भेजा जाता, परिवार को शांति नहीं मिलेगी. उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी के नेता स्थानीय पुलिस अधिकारी को बचा रहे हैं.

परिवार ने झोटा को बताया समाज का योद्धा

Advertisement

इससे पहले परिवार के सदस्यों ने झोटा को नशे के खिलाफ लड़ने वाला योद्धा बताया था. उनका कहना था कि उन्होंने समाज के लिए अपनी जान कुर्बान कर दी. परिवार ने उम्मीद जताई कि झोटा की लड़ाई से पंजाब के युवा प्रेरणा लेंगे और नशे के खिलाफ अभियान में आगे आएंगे. परिवार के एक सदस्य ने कहा कि आमतौर पर किसी की मौत पर मातम मनाया जाता है, लेकिन वे अपने योद्धा के आने पर गर्व महसूस कर रहे हैं.

परविंदर झोटा के रिश्तेदार जसपाल ने बताया कि श्री अकाल तख्त साहिब की ओर से उन्हें शहीद का दर्जा दिया गया है. इसी वजह से उनके पार्थिव शरीर पर फूल बरसाए जा रहे हैं. परिवार ने दिवाली के मौके पर भी युवाओं से नशे से दूर रहने और पंजाब से नशे को खत्म करने की मुहिम में शामिल होने की अपील की थी.

13 अक्टूबर को मेडिकल स्टोर में हुई थी हत्या

परविंदर सिंह झोटा की 13 अक्टूबर को मानसा के एक भीड़भाड़ वाले बाजार में मेडिकल स्टोर के अंदर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. वह मेडिकल स्टोर के मालिक अश्वनी कुमार से एक बुजुर्ग को कथित तौर पर प्रतिबंधित दवाएं बेचने को लेकर भिड़ गए थे. इस दौरान वह फेसबुक पर पूरी घटना का लाइव प्रसारण भी कर रहे थे. तभी उन पर गोली चला दी गई. इस घटना में चार अन्य लोग भी घायल हुए थे. पुलिस ने वारदात के 24 घंटे के भीतर अश्वनी कुमार समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया था.

Advertisement

हत्या के बाद परिवार ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया था और झोटा का शव मानसा सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखा हुआ था. परिवार ने मुख्यमंत्री भगवंत मान और राज्य के DGP गौरव यादव के इस्तीफे की मांग भी की थी. अब केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने हत्या के मामले को दोबारा दर्ज कर इसकी विस्तृत जांच शुरू कर दी है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »