न्यू चंडीगढ़ में बदमाशों का आतंक, बच्चे को टहलाने निकली महिला से लूटी चेन- VIDEO

न्यू चंडीगढ़ के इको सिटी-1 में दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने छह महीने के बच्चे को घुमा रही महिला से करीब तीन लाख रुपये की सोने की चेन लूट ली। विरोध करने पर बदमाश महिला को धक्का देकर फरार हो गए. पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई. वारदात के बाद इलाके में दहशत फैल गई है.

Advertisement
चंडीगढ़ में महिला से दिनदहाड़े लूट. (Photo: Screengrabs) चंडीगढ़ में महिला से दिनदहाड़े लूट. (Photo: Screengrabs)

अमन भारद्वाज

  • न्यू चंडीगढ़,
  • 18 मई 2026,
  • अपडेटेड 2:45 PM IST

न्यू चंडीगढ़ के इको सिटी-1 इलाके में दिनदहाड़े हुई चेन स्नैचिंग की वारदात ने एक बार फिर शहर की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. घर के बाहर अपने 6 महीने के मासूम बच्चे को गोद में लेकर टहल रही महिला के साथ जिस तरह से दो बाइक सवार बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया, उसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है. घटना के बाद लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठा रहे हैं.

Advertisement

लूट की घटना CCTV में हुई कैद
जानकारी के मुताबिक करीब 30 से 34 साल की महिला अपने घर के बाहर बच्चे को घुमा रही थी. इसी दौरान अचानक बाइक पर सवार होकर दो बदमाश वहां पहुंचे. इससे पहले कि महिला कुछ समझ पाती, एक बदमाश ने उसके गले से करीब तीन लाख रुपये कीमत की सोने की चेन झपट ली. चेन में डायमंड का महंगा लॉकेट भी लगा हुआ था. महिला ने विरोध करते हुए जोर-जोर से चीखना शुरू किया, लेकिन बदमाशों ने उसे धक्का दे दिया और मौके से फरार हो गए. वारदात इतनी तेजी से हुई कि आसपास मौजूद लोग भी कुछ नहीं कर सके.

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. लेकिन इसके बावजूद बदमाश बेखौफ तरीके से वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए. इलाके के लोगों का कहना है कि अगर दिनदहाड़े रिहायशी इलाके में महिलाओं और बच्चों तक को निशाना बनाया जा रहा है, तो आम लोगों की सुरक्षा भगवान भरोसे है.

Advertisement

घटना के बाद महिला गहरे सदमे में है. स्थानीय निवासियों का कहना है कि इको सिटी-1 में पिछले कुछ समय से चोरी और लूटपाट की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस गश्त नाममात्र की है. लोगों का आरोप है कि इलाके में पुलिस की मौजूदगी बेहद कम दिखाई देती है, जिसका फायदा अपराधी उठा रहे हैं.

स्थानीय लोगों ने की पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग
इको सिटी-1 रेजिडेंशियल वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान वीरेंद्र कुमार ने प्रशासन और पुलिस पर सवाल उठाते हुए कहा कि इलाके की आबादी तेजी से बढ़ रही है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह नाकाम साबित हो रही है. उन्होंने मांग की कि इलाके में तुरंत पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए.

इस घटना ने एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि आखिर आम आदमी खुद को सुरक्षित कहां महसूस करे. जब घर के बाहर बच्चे को घुमाना भी खतरे से खाली न रहे, तो कानून व्यवस्था के दावों की हकीकत साफ नजर आती है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement