पंजाब की कपूरथला जेल में शनिवार रात करीब 8:30 बजे उस समय हड़कंप मच गया जब जेल परिसर एक हिंसक अखाड़े में तब्दील हो गया. एक कैदी से हुई मामूली कहासुनी के बाद कैदियों और विचाराधीन कैदियों के बीच खूनी झड़प शुरू हो गई. देखते ही देखते आक्रोशित कैदियों ने जेल की संपत्ति को नुकसान पहुंचाना शुरू कर दिया.
हिंसा पर उतारू कैदियों ने बैरक नंबर 4 की दीवारों को तोड़ दिया और जेल के एक हिस्से में आग लगाने की कोशिश की. इस दौरान जेल अधिकारियों और वहां तैनात पुलिसकर्मियों में दहशत फैल गई. जब पुलिस ने हालात को काबू करने की कोशिश की, तो कैदियों ने कथित तौर पर उन पर भी हमला बोल दिया.
एक कैदी को गोली मारने के आरोप
घटनास्थल से कुछ वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें कैदी जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं. कैदियों का दावा है कि प्रशासन ने उन पर काबू पाने के लिए गोलियां चलाई हैं. देखें VIDEO:-
वीडियो में कैदी आरोप लगा रहे हैं कि एक साथी कैदी को गोली लगी है, हालांकि आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं हुई है. देखें VIDEO:-
एंबुलेंस की कतार
जेल परिसर के बाहर 5-6 एंबुलेंस की मौजूदगी इस बात की ओर इशारा कर रही है कि झड़प में कई लोग घायल हुए हैं. देखें VIDEO:-
SSP और DIG मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही कपूरथला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया.
जालंधर रेंज के डीआईजी (DIG) ने देर रात बयान जारी कर बताया कि स्थिति अब पूरी तरह काबू में है. जेल के अंदर हुई इस सुरक्षा चूक और हिंसा के कारणों की गहन जांच शुरू कर दी गई है.
कमलजीत संधू / अमन भारद्वाज