चंडीगढ़ के सेक्टर 26 में क्लब रोड पर शनिवार शाम एक दिल दहला देने वाला हिट एंड रन का मामला सामने आया है. यहां एक अज्ञात मर्सिडीज ड्राइवर ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए दो राहगीरों को टक्कर मार दी.
टक्कर मारने के बाद आरोपी चालक गाड़ी समेत मौके से फरार हो गया. इस वारदात का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि मर्सिडीज कार दो राहगीरों को टक्कर मारती है. इसके बाद दोनों पीड़ित कार के नीचे फंस जाते हैं.
हैरान करने वाली बात ये है कि आरोपी ड्राइवर कार को रोकने के बजाय उन्हें निकालने के लिए गाड़ी को बार-बार आगे-पीछे (फॉरवर्ड और रिवर्स) करता है और फिर रौंदते हुए तेजी से वहां से भाग जाता है.
एक पीड़ित की हालत नाजुक, अस्पताल में भर्ती
घटना के तुरंत बाद वहां मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी और दोनों घायलों को इलाज के लिए सेक्टर 32 के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया. डॉक्टरों के मुताबिक, घायलों में से एक की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है, जबकि दूसरे पीड़ित की स्थिति फिलहाल स्थिर और खतरे से बाहर बताई जा रही है.
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, वारदात में इस्तेमाल की गई मर्सिडीज कार के आगे या पीछे कोई रजिस्ट्रेशन नंबर प्लेट नहीं लगी हुई थी. नंबर प्लेट न होने के कारण घटना के तुरंत बाद गाड़ी की पहचान करने में पुलिस और चश्मदीदों को काफी मशक्कत करनी पड़ी.
नाबालिग के कार चलाने का शक, जांच जारी
चंडीगढ़ पुलिस ने इस मामले में शिकायत दर्ज कर ली है. पुलिस ने कार और उसके ड्राइवर की पहचान करने के लिए बड़े पैमाने पर जांच शुरू कर दी है. इसके लिए घटनास्थल और उसके आस-पास के पूरे इलाके के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं.
यह भी पढ़ें: दिल्ली में मर्सिडीज कार का कहर, स्कूटर सवार को मारी टक्कर... मौत
कुछ चश्मदीदों का कहना है कि लग्जरी कार को एक नाबालिग चला रहा था. हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस दावे की पुष्टि नहीं की है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वो सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रहे हैं.
अमन भारद्वाज