पंजाब: बरनाला में सफाई कर्मचारियों और पुलिस में झड़प, लाठीचार्ज में महिला कर्मी सहित कई घायल

पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के निर्देश के बाद बरनाला नगर निगम ने शहर में सफाई अभियान शुरू किया था. शहर के कई इलाकों में हड़ताल के कारण कूड़े के ढेर लगे हुए हैं. इसी के तहत नगर निगम की टीम ने शहर में जमा कूड़े के ढेर हटाने की कार्रवाई शुरू की.

Advertisement
नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि हाईकोर्ट के निर्देशों के तहत सफाई अभियान शुरू किया गया था (Photo- ITG) नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि हाईकोर्ट के निर्देशों के तहत सफाई अभियान शुरू किया गया था (Photo- ITG)

आशीष शर्मा

  • चंडीगढ़,
  • 22 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 11:04 PM IST

पंजाब के बरनाला में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के बीच पुलिस और प्रदर्शनकारी कर्मचारियों के बीच झड़प हो गई. इस दौरान पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे सफाई कर्मचारियों पर लाठीचार्ज किया. आरोप है कि कार्रवाई में कई सफाई कर्मचारी घायल हो गए, जबकि एक महिला सफाई कर्मचारी के भी घायल होने की बात सामने आई है.

दरअसल, पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के निर्देश के बाद बरनाला नगर निगम ने शहर में सफाई अभियान शुरू किया था. शहर के कई इलाकों में हड़ताल के कारण कूड़े के ढेर लगे हुए हैं. मानसून के दौरान गंदगी से बीमारियों का खतरा बढ़ने की आशंका को देखते हुए हाईकोर्ट ने शहर की सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं.

Advertisement

इसी के तहत नगर निगम की टीम ने शहर में जमा कूड़े के ढेर हटाने की कार्रवाई शुरू की. हड़ताल पर बैठे सफाई कर्मचारियों ने इसका विरोध किया और प्रदर्शन शुरू कर दिया. एसडी कॉलेज के सामने प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कर्मचारियों को रोकने का प्रयास किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की हो गई. प्रदर्शनकारी कर्मचारियों का आरोप है कि पुलिस ने उनके साथ मारपीट की और लाठीचार्ज किया, जिसमें कई कर्मचारी घायल हुए.

सफाई कर्मचारी यूनियन के नेताओं ने कहा कि नियमितीकरण समेत उनकी कई मांगें लंबे समय से लंबित हैं. उनका आरोप है कि सरकार उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दे रही है. कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा. प्रदर्शन के दौरान कुछ कर्मचारियों ने 2027 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को इसका राजनीतिक खामियाजा भुगतने की चेतावनी भी दी.

Advertisement

वहीं, बरनाला के डीएसपी सतबीर सिंह ने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता कानून-व्यवस्था बनाए रखना और हाईकोर्ट के निर्देशों के अनुसार शहर में सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करना है. उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में गंदगी के कारण बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है, इसलिए सफाई जरूरी है. पुलिस प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास कर रही है, ताकि किसी तरह का विवाद न हो.

नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि हाईकोर्ट के निर्देशों के तहत सफाई अभियान शुरू किया गया था, लेकिन हड़ताली कर्मचारी इसमें बाधा डाल रहे हैं. वहीं, नगर निगम बरनाला के मेयर हसनप्रीत भारद्वाज ने कहा कि सफाई कर्मचारियों की ज्यादातर मांगें मान ली गई हैं, जबकि कुछ मांगें न्यायालय में विचाराधीन हैं, जिन्हें तत्काल पूरा नहीं किया जा सकता. उन्होंने कर्मचारियों से जनहित और बरसात के मौसम को देखते हुए सफाई अभियान में सहयोग करने की अपील की.

फिलहाल, बरनाला में सफाई व्यवस्था को लेकर प्रशासन और हड़ताली कर्मचारियों के बीच गतिरोध बना हुआ है. प्रशासन हाईकोर्ट के निर्देशों के तहत सफाई व्यवस्था बहाल करने में जुटा है, जबकि कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर आंदोलन जारी रखने पर अड़े हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »