राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने केंद्रीय मंत्री एल मुरुगन का इस्तीफा मंजूर कर लिया है. राष्ट्रपति भवन की ओर से गुरुवार को जारी जानकारी के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सलाह पर मुरुगन का इस्तीफा तत्काल प्रभाव से स्वीकार किया गया है. वह सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय और संसदीय कार्य मंत्रालय में राज्य मंत्री के पद पर थे.
दरअसल, एल मुरुगन ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर मंत्री पद से इस्तीफा दिया था. उन्होंने तमिलनाडु लौटकर राज्य में भारतीय जनता पार्टी को मजबूत करने की इच्छा जताई थी. मुरुगन ने राज्यसभा की सदस्यता छोड़ने की भी बात कही है.
एल मुरुगन का इस्तीफा ऐसे समय में हुआ है, जब केंद्रीय मंत्रिपरिषद में फेरबदल की अटकलें लगाई जा रही हैं. उनके इस्तीफे के साथ ही मोदी सरकार में राज्य मंत्री पद से इस्तीफा देने वाले मंत्रियों की संख्या बढ़ गई है. इससे पहले जॉर्ज कुरियन और रवनीत सिंह बिट्टू ने भी इस्तीफा दिया था. दोनों ने क्रमशः जून और जुलाई में राज्यसभा चुनाव के लिए बीजेपी की ओर से दोबारा उम्मीदवार नहीं बनाए जाने के बाद पद छोड़ा था.
2030 तक था राज्यसभा का कार्यकाल
एल मुरुगन सितंबर 2021 से राज्यसभा के सदस्य हैं. अप्रैल 2024 में वह मध्य प्रदेश से दोबारा उच्च सदन के लिए चुने गए थे. उनका राज्यसभा कार्यकाल अप्रैल 2030 तक है. हालांकि, उन्होंने अब राज्यसभा की सदस्यता छोड़ने की इच्छा भी जताई है. राष्ट्रपति भवन के बयान के मुताबिक, संविधान के अनुच्छेद 75 की धारा (2) के तहत प्रधानमंत्री की सलाह पर उनका इस्तीफा तत्काल प्रभाव से स्वीकार किया गया है.
aajtak.in