बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर ने पप्पू यादव और राहुल गांधी पर जोरदार हमला किया है. उनका ये अटैक संसद परिसर के बाहर पप्पू यादव की चंदा चोरी पर बनाए गए वीडियो पर है. अनुराग ठाकुर ने एक्स पर तीखे शब्दों का इस्तेमाल करते हुए कहा है कि आपकी इन्हीं हरकतों से देश ने आपको नकारा है. अब आपके इस कुकर्म की सजा धर्म ही आपको देगा.
वहीं निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने कहा है कि इन लोगों ने पूरे देश के मंदिरों से सब कुछ हड़प लिया है. हम देश की 100 करोड़ सनातन को मानने वाली आबादी की आवाज उठा रहे हैं.
शुक्रवार को सांसद पप्पू यादव ने अयोध्या के राम मंदिर में चंदा चोरी का मामला उठाने के लिए संसद परिसर में प्रदर्शन किया था. वे स्वयं पुजारी के वेशभूषा में थे और कथित रूप से चंदा मांग रहे थे. नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी इस दौरान पहुंचे.
अनुराग ठाकुर ने इस मामले को उठाते हुए एक्स पर लिखा, "कांग्रेस और उसके सहयोगी सनातन और हिंदू आस्था को नीचा दिखाने का कोई भी अवसर नहीं छोड़ते हैं. आज संसद में राहुल गांधी के संरक्षण में सनातन, साधु-संत परंपरा, हमारी आस्था और असंख्य लोगों के आराध्य प्रभु श्रीराम का अपमान अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण, निंदनीय, शर्मनाक और अस्वीकार्य है."
उन्होंने कहा कि, "यह कैसा दुर्भाग्य है कि सार्वजनिक जीवन में अपनी प्रतिभा से आगे आने वाली संघर्ष से अपनी जगह बनाने वाली महिलाओं के चरित्र पर उंगली उठाने वाले श्री राम का फोटो ले कर नौटंकी कर रहे हैं और संसद में नेता प्रतिपक्ष श्रीमान राहुल गांधी पूरी बेशर्मी से उनका साथ दे रहे हैं."
अनुराग ठाकुर ने कहा कि जिन राहुल गांधी की पार्टी और सरकार ने श्री राम के अस्तित्व को ही नकार दिया था, जिन्होंने जन्मभूमि पर बाबरी मस्जिद दुबारा बनाने की दुस्साहसी प्रतिज्ञा ली थी और समाजवादी पार्टी जिसने कट्टरपंथों मुस्लिमों के समर्थन की खातिर कारसेवकों का नरसंहार कर के सरयू का पानी लाल कर दिया था और वो कालनेमि रूप में मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम और सनातन परंपरा का उपहास उड़ा रहे हैं.
हिंदू धर्म मेरा है, सनातन मेरा है: पप्पू यादव
वहीं पप्पू यादव ने इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हिंदू धर्म और सनातन पर RSS का एकाधिकार नहीं है. हिंदू धर्म मेरा है, सनातन मेरा है. इन लोगों ने पूरे देश के मंदिरों से सब कुछ हड़प लिया है. हम देश की 100 करोड़ सनातन को मानने वाली आबादी की आवाज़ उठा रहे हैं.
'हिंदू-विरोधी' चेहरा बेनकाब: रेखा गुप्ता
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस मुद्दे पर कहा कि संसद परिसर में सनातन धर्म, मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम और हमारी गौरवशाली संत परंपरा का दुस्साहसिक अपमान कर, कांग्रेस और इंडी गठबंधन ने अपना असली 'हिंदू-विरोधी' चेहरा एक बार फिर पूरे देश के सामने बेनकाब कर दिया है. उन्होंने कहा कि यह कोई नई बात नहीं है. देश भली-भांति जानता है कि यह वही कांग्रेस है जिसका इतिहास सनातन-विरोध से भरा पड़ा है.
aajtak.in