बच्चे ने हूबहू उतारी रवि किशन की संसद वाली स्पीच, Video देख सांसद ने भी की तारीफ

जयपुर में आयोजित नेशनल यूथ पार्लियामेंट 2026 में छात्र युवराज चौधरी ने सांसद रवि किशन की संसद में दी गई स्पीच को उनके अंदाज में प्रस्तुत किया.  वीडियो वायरल होने पर रवि किशन ने एक्स पर पोस्ट कर युवराज के आत्मविश्वास, प्रभावशाली प्रस्तुति और विषय की समझ की सराहना की. उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों और संसदीय परंपराओं के प्रति युवाओं का समर्पण खुशी की बात है.

Advertisement
युवराज ने रवि किशन के भाषण की कॉपी करके सुर्खियां बटोरी (Photo ITG) युवराज ने रवि किशन के भाषण की कॉपी करके सुर्खियां बटोरी (Photo ITG)

aajtak.in

  • जयपुर ,
  • 08 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 9:51 AM IST

अभिनेता और गोरखपुर से सांसद रवि किशन की संसदीय शैली की एक बार फिर चर्चा हो रही है. इस बार वजह संसद में दिया गया उनका भाषण नहीं, बल्कि एक छात्र का उसे हूबहू मंच पर दोहराना है. जयपुर में आयोजित नेशनल यूथ पार्लियामेंट (तृतीय संस्करण-2026) में एक छात्र ने रवि किशन के अंदाज, हाव-भाव और बोलने की शैली की ऐसी प्रस्तुति दी कि उसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. वीडियो जब खुद रवि किशन तक पहुंचा तो उन्होंने भी छात्र की खुले दिल से तारीफ की. 

Advertisement

वीडियो देखने के बाद सांसद रवि किशन ने अपने आधिकारिक एक्स (X) अकाउंट पर छात्र की सराहना करते हुए एक पोस्ट साझा की. उन्होंने लिखा, प्रिय युवराज चौधरी, नेशनल यूथ पार्लियामेंट, जयपुर (तृतीय संस्करण-2026) में मेरे संसदीय व्यक्तित्व का प्रतिनिधित्व जिस आत्मविश्वास, गरिमा और प्रभावशाली शैली से आपने किया, उसके लिए आपको हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं.  उन्होंने आगे लिखा, सदन में आपके प्रभावशाली वक्तव्य, विषय की समझ और उत्कृष्ट प्रस्तुति ने सभी को प्रभावित किया. यह देखकर प्रसन्नता होती है कि देश का युवा लोकतांत्रिक मूल्यों, संसदीय परंपराओं और राष्ट्र निर्माण के प्रति इतनी गंभीरता और समर्पण के साथ आगे बढ़ रहा है. रवि किशन की इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर छात्र युवराज चौधरी की काफी चर्चा हो रही है.

कौन हैं युवराज चौधरी

रवि किशन की पोस्ट के मुताबिक छात्र का नाम युवराज चौधरी है. उन्होंने जयपुर में आयोजित नेशनल यूथ पार्लियामेंट (तृतीय संस्करण-2026) में सांसद रवि किशन की संसदीय भूमिका निभाई. कार्यक्रम में युवराज ने संसद में रवि किशन द्वारा दिए गए भाषण को उसी अंदाज में प्रस्तुत किया. उनकी प्रस्तुति को कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने भी सराहा.

Advertisement

किस भाषण की नकल

युवराज चौधरी ने संसद में ब्रॉडकास्टिंग सर्विसेज (रेगुलेशन) बिल पर हुई चर्चा के दौरान रवि किशन द्वारा दिए गए भाषण की प्रस्तुति दी. इस भाषण में रवि किशन ने अपने संबोधन की शुरुआत अपने परिचित अंदाज में करते हुए सदन का अभिवादन किया था. उन्होंने गोरखपुर का उल्लेख किया, भोजपुरी कहावत का इस्तेमाल किया और डिजिटल कंटेंट, सोशल मीडिया तथा कंटेंट क्रिएटर्स से जुड़े नियमों पर अपनी बात रखी थी. भाषण के दौरान उन्होंने कहा था कि जिस तरह कलाकारों पर नियम लागू होते हैं, उसी तरह डिजिटल कंटेंट बनाने वालों के लिए भी कुछ मानक होने चाहिए. उन्होंने कंटेंट मूल्यांकन समिति बनाए जाने और जिम्मेदार डिजिटल माहौल की जरूरत पर भी अपनी राय रखी थी.

संसद में भी मिली थी सराहना

रवि किशन के इस भाषण की चर्चा संसद के भीतर भी हुई थी. उनके संबोधन के बाद सदन की अध्यक्षता कर रहे पीठासीन अधिकारी ने भी उनके भाषण की सराहना की थी. उन्होंने कहा था कि जिस प्रकार की चर्चा इस विधेयक पर अपेक्षित थी, वह अब शुरू हुई है. उन्होंने अन्य सदस्यों से भी आग्रह किया था कि वे समयबद्ध और विषय केंद्रित तरीके से अपनी बात रखें तथा व्यक्तिगत टिप्पणियों से बचें. यही भाषण अब एक बार फिर चर्चा में है, लेकिन इस बार वजह उसका छात्र द्वारा किया गया मंचीय प्रस्तुतीकरण है.

Advertisement

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

युवराज चौधरी का वीडियो सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर तेजी से साझा किया जा रहा है. वीडियो में वह मंच पर पूरे आत्मविश्वास के साथ रवि किशन की शैली में भाषण देते नजर आते हैं. कई यूजर्स ने उनकी याददाश्त, मंच संचालन और प्रस्तुति की तारीफ की है. वहीं कई लोगों ने कहा कि उन्होंने रवि किशन के बोलने के अंदाज को काफी हद तक हूबहू दोहराया. रवि किशन लंबे समय से फिल्म और टेलीविजन जगत का चर्चित चेहरा रहे हैं. राजनीति में आने के बाद भी उनके भाषण अक्सर चर्चा में रहते हैं. संसद में उनके कई संबोधन सोशल मीडिया पर वायरल हो चुके हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »