जम्मू के बाल सुधार गृह से दो पाकिस्तानी समेत तीन कैदी फरार, हमले में दो पुलिसकर्मी घायल

जम्मू के जुवेनाइल ऑब्जर्वेशन होम से तीन नाबालिग बंदी फरार हो गए. इनमें एक भारतीय और दो पाकिस्तानी हैं. उन्होंने भागने से पहले ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर हमला किया, जिसमें दो जवान घायल हो गए.

Advertisement
जम्मू के जुवेनाइल होम से दो पाकिस्तानी समेत तीन कैदी ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर हमला करके फरार हो गए. (Photo: ITG) जम्मू के जुवेनाइल होम से दो पाकिस्तानी समेत तीन कैदी ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर हमला करके फरार हो गए. (Photo: ITG)

अशरफ वानी / कमलजीत संधू

  • जम्मू,
  • 16 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 8:48 PM IST

जम्मू जिले के आरएस पुरा सेक्टर में स्थित बाल सुधार गृह (Juvenile Home) से सोमवार शाम तीन नाबालिग बंदियों के फरार होने की घटना से हड़कंप मच गया. यह घटना करीब शाम 5 बजकर 5 मिनट की बताई जा रही है. अधिकारियों के अनुसार, फरार होने से पहले नाबालिग कैदियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर हमला किया, जिसमें दो पुलिसकर्मी घायल हो गए. पुलिस के अनुसार, घटना के समय दोनों पुलिसकर्मी बाल सुधार गृह में गार्ड ड्यूटी पर तैनात थे.

Advertisement

घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें नाबालिग कैदी हाथ में पिस्तौल लिए फायरिंग करते और भागते हुए दिखाई दे रहे हैं. हालांकि, उन्हें पिस्तौल कहां से मिली या क्या वह सुरक्षाकर्मियों की थी, इसका पता अभी तक नहीं चल पाया है. इस घटना के बाद, जम्मू-कश्मीर पुलिस ने सभी बाल सुधार गृहों में बंद सभी पाकिस्तानी किशोर कैदियों का विवरण मांगा है.

जम्मू पुलिस ने एक बयान में कहा, 'कराजीत सिंह (निवासी डबलेहर आरएस पुरा), मोहम्मद सनाउल्ला और अहसान अनवर (दोनों पाकिस्तानी नागरिक) को आरएस पुरा स्थित जुवेनाइल ऑब्जर्वेशन होम  में रखा गया था. आज शाम लगभग 5:15 बजे, ड्यूटी पर तैनात दो पुलिसकर्मियों पर हमला करके उन्हें घायल करने के बाद वे जुवेनाइल ऑब्जर्वेशन होम से फरार हो गए. विशेष टीमें गठित की गई हैं और ये टीमें उन्हें पकड़ने के लिए विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर रही हैं.'

Advertisement

सूचना मिलते ही पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचीं और पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया. पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में नाकेबंदी कर दी है और फरार नाबालिगों की तलाश जारी है. अधिकारियों ने बताया कि घटना के बाद जुवेनाइल होम की सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की जा रही है. इस हमले में घायल हुए पुलिसकर्मियों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है.

खुफिया सूत्रों के मुताबिक, फरार हुए तीनों बंदी नाबालिग हैं, जिनमें से दो कथित तौर पर गलती से सीमा पार कर भारत आ गए थे. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चूंकि मामला नाबालिगों से जुड़ा है, इसलिए किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है. प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को इस संबंध में कोई भी सूचना मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें.

 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement