बिहार सरकार के पूर्व मंत्री और लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव का एक वीडियो सामने आया है. इस वीडियो में तेज प्रताप, बागेश्वर धाम सरकार धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के साथ वीडियो कॉल पर बात करते नजर आ रहे हैं.
इस वीडियो में तेज प्रताप और बागेश्वर बाबा के बीच दिलचस्प बातचीत सुनाई दे रही है. वीडियो कॉल के दौरान तेजप्रताप बाबा बागेश्वर से मुस्कुराते हुए कहते हैं, 'मेरा राजनीतिक देख लीजिएगा महाराज, राजनीति.'
तेज प्रताप की इस बात पर बाबा बागेश्वर भी मुस्कुराते हुए जवाब देते हैं. वो कहते हैं कि जब वो दोनों साथ बैठेंगे, तब इस बारे में विस्तार से चर्चा करेंगे. बाबा बागेश्वर ने कहा, 'बिल्कुल पक्का, हम और आप बैठेंगे जब आपके यहां आएंगे.' बाबा बागेश्वर की बात पर तेज प्रताप जवाब देते हैं, 'जी जी साथ बैठेंगे.'
हाल ही में प्रशांत किशोर से मिले थे तेज प्रताप
बता दें कि हाल ही में तेज प्रताप यादव प्रशांत किशोर से मिले थे. अपनी मुलाकात का वीडियो उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर किया था. इसके साथ कैप्शन में उन्होंने लिखा था, 'आज का दिन राजनीतिक दृष्टि से काफी अहम रहा. मेरी मुलाकात प्रशांत किशोर जी से हुई, जहां हमने जनहित और भविष्य की राजनीति को लेकर गहन चर्चा की. इस दौरान जनता की अपेक्षाओं और बदलते राजनीतिक समीकरणों पर विस्तार से बात हुई.'
यह भी पढ़ें: 'पापा मेरी जान...', भतीजे पर प्यार लुटाते दिखे तेज प्रताप, लोगों ने कहा- अब नाराजगी खत्म कर दो
कई मुद्दों पर हुई बात
तेज प्रताप ने आगे लिखा था, 'ये मुलाकात सिर्फ औपचारिक नहीं थी, बल्कि इसमें कई ऐसे मुद्दों पर विचार-विमर्श हुआ जो आने वाले समय में राजनीति की दिशा तय कर सकते हैं. मैं, तेज प्रताप यादव, इस बातचीत को अपने राजनीतिक जीवन के एक अहम अनुभव के रूप में देखता हूं, जहां सकारात्मक सोच और जनसेवा की भावना के साथ आगे बढ़ने का संकल्प और भी मजबूत हुआ.'
शशि भूषण कुमार