पहले बंद कमरे में चंपत राय से मुलाकात, फिर कृष्ण मोहन ने संभाली राम मंदिर प्रबंधन की जिम्मेदारी

राम मंदिर ट्रस्ट के नए कार्यवाहक महासचिव कृष्ण मोहन ने पदभार संभालते ही मंदिर परिसर का निरीक्षण किया. इससे पहले उन्होंने पूर्व महासचिव चंपत राय से बंद कमरे में मुलाकात की. दोनों के बीच हुई बातचीत को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.

Advertisement
कृष्ण मोहन, चंपत राय. (Photo- ITG) कृष्ण मोहन, चंपत राय. (Photo- ITG)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 08 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 9:59 AM IST

राम मंदिर में चढ़ावे में कथित गड़बड़ी के मामले के बाद हुए बड़े बदलावों के बीच श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के नए कार्यवाहक महासचिव कृष्ण मोहन ने जिम्मेदारी संभाल ली है. पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने सबसे पहले अयोध्या में राम मंदिर परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया और मंदिर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया.

निरीक्षण से पहले कृष्ण मोहन ने पूर्व महासचिव चंपत राय से बंद कमरे में मुलाकात की. दोनों के बीच काफी देर तक बातचीत हुई. हालांकि ट्रस्ट की ओर से यह नहीं बताया गया कि चर्चा किन मुद्दों पर हुई, लेकिन माना जा रहा है कि मंदिर की प्रशासनिक व्यवस्था, निर्माण कार्य और हाल के घटनाक्रम को लेकर दोनों के बीच विस्तार से चर्चा हुई. चंपत राय पिछले कुछ दिनों से रामकोट स्थित तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट कार्यालय में रह रहे हैं.

Advertisement

यह भी पढ़ें: 32 किलो सोना, 1500 KG चांदी, 582 करोड़ कैश का चढ़ावा... राम मंदिर ट्रस्ट का हिसाब आया सामने

इसके बाद कृष्ण मोहन ने मंदिर परिसर में चल रहे निर्माण, सुंदरीकरण और अन्य विकास कार्यों का निरीक्षण किया. उन्होंने इंजीनियरों और संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता और तय समय-सीमा की जानकारी ली. साथ ही सभी परियोजनाओं को निर्धारित मानकों के मुताबिक समय पर पूरा करने के निर्देश दिए.

निर्माण कार्यों को तय समय पर पूरा करने के निर्देश

कृष्ण मोहन ने मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और पूरे संचालन तंत्र की भी समीक्षा की. ट्रस्ट का कहना है कि दर्शन व्यवस्था को बेहतर बनाने और निर्माण कार्यों को तय समय पर पूरा करने पर विशेष जोर दिया जाएगा.

दरअसल, हाल ही में राम मंदिर में चढ़ावे में कथित गड़बड़ी के आरोपों के बाद ट्रस्ट ने पूर्व महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा के इस्तीफे स्वीकार कर लिए थे. दोनों ने नैतिक आधार पर अपने पद छोड़े थे और अब वे ट्रस्ट के सदस्य भी नहीं हैं.

Advertisement

यह भी पढ़ें: राम मंदिर के बाद MP के सिद्धपीठ बगलामुखी में भी चढ़ावे की चांदी और नगदी चोरी?

कौन हैं कृष्ण मोहन? जो राम मंदिर ट्रस्ट के अंतरिम महासचिव बनाए गए

उनकी जगह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़े और भारतीय वन सेवा (IFS) के सेवानिवृत्त अधिकारी कृष्ण मोहन को कार्यवाहक महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है. इसके साथ ही ट्रस्ट ने प्रशासनिक और वित्तीय व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नए मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) की नियुक्ति के लिए तीन सदस्यीय चयन समिति भी बनाई है.

ट्रस्ट के मुताबिक, कृष्ण मोहन फिलहाल अंतरिम रूप से महासचिव की जिम्मेदारी निभाएंगे. स्थायी महासचिव के नाम पर अंतिम फैसला विश्व हिंदू परिषद की राष्ट्रीय कार्यकारिणी और ट्रस्ट की आगामी बैठक में लिया जाएगा. वहीं, राम मंदिर चढ़ावा मामले की जांच विशेष जांच दल (SIT) की ओर से जारी है.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »