लोकसभा सांसद और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी इन दिनों जेन-जी से जुड़ने के लिए सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव नजर आ रहे हैं. फ्रेंडशिप डे पर रविवार (2 अगस्त) को अपने सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने जेन-जी स्टाइल में विश किया है. इंस्टाग्राम पर अपनी फोटो पोस्ट करते हुए उन्होंने कोरियन 'फिंगर हार्ट' इमोजी का इस्तेमाल किया. राहुल गांधी ने लिखा, 'अभी भी एक स्टूडेंट हूं, हर दिन कुछ नया सीख रहा हूं. आज का सबक यह है कि आज फ्रेंडशिप डे है और यह 🫰 एक दिल है. सभी को फ्रेंडशिप डे की बधाई. ढेर सारा प्यार!'
इससे एक दिन पहले शनिवार को राहुल गांधी ने नीट पेपर लीक को लेकर सुसाइड करने वाले बच्चों के परिवारों से मुलाकात की थी. उन्होंने पीड़ित परिवारों के साथ मुलाकात की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर साझा की थीं. इस दौरान राहुल गांधी ने कहा था कि माता-पिता के लिए अपने बच्चे को खोने के दुख से ज्यादा दर्दनाक कुछ नहीं हो सकता. इसके साथ ही उन्होंने परीक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा था.
अपने एक्स पोस्ट में राहुल गांधी ने लिखा था कि हर युवा की मौत के पीछे एक ऐसा परिवार होता है, जिसका दर्द कभी खत्म नहीं होता. उन्होंने कहा था कि पेपर लीक, परीक्षाओं के रद्द होने और सालों की तैयारी बर्बाद होने से शिक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े होते हैं. राहुल गांधी ने कहा था कि छात्रों से ईमानदारी से मेहनत करने को कहा जाता है, लेकिन जिस सिस्टम में वे मेहनत कर रहे हैं, वही उनके साथ ईमानदार नहीं है.
नरेंद्र मोदी पर साधा था निशाना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी ने कहा था कि उन्होंने न तो किसी ऐसे माता-पिता से मुलाकात की है, जिन्होंने अपने बच्चे को खोया है और न ही किसी ऐसे छात्र के साथ बैठे हैं, जिसका भविष्य पेपर लीक की वजह से बर्बाद हो गया. उन्होंने कहा था कि भारत के छात्रों को प्रधानमंत्री की माफी की जरूरत नहीं है, बल्कि प्रधानमंत्री को छात्रों से माफी मांगनी चाहिए.
aajtak.in