पंजाब के बरनाला स्थित फरवाही गांव में एक दुखद हादसा हो गया. एक झुके हुए घर को सीधा करने (realignment) के दौरान पूरा मकान अचानक ढह गया. मलबे में दबने से तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई.
ये घटना रविवार सुबह करीब 4:30 बजे की बताई जा रही है. घर को सीधा करने के लिए जैक (jack) लगाकर काम किया जा रहा था, इसी दौरान अचानक इमारत का एक बड़ा हिस्सा गिर पड़ा. तीनों मजदूर मलबे के नीचे दब गए.
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों और गांव वालों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू कर दिया. गांव के युवाओं ने बड़े पैमाने पर मदद की और मलबा हटाकर मजदूरों को बाहर निकालने की कोशिश की. पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंच गई है. हालांकि, सिविल प्रशासन के किसी वरिष्ठ अधिकारी के मौके पर पहुंचने की सूचना नहीं है.
पुलिस ने बताया कि फरवाही गांव में एक झुके हुए मकान को तकनीक की मदद से सीधा करने का काम चल रहा था. जैक लगाकर ऊंचाई को संतुलित करने के दौरान अचानक संतुलन बिगड़ गया और पूरी बिल्डिंग भरभरा कर गिर गई. हादसे में तीन मजदूरों की मौत हो गई है. शवों को मलबे से निकाल लिया गया है.
इस हादसे का एक CCTV फुटेज भी सामने आ गया है, जिसमें घर गिरने की पूरी घटना कैद है. फुटेज में साफ दिख रहा है कि जैक लगाकर घर को सीधा करने की कोशिश की जा रही थी तभी अचानक इमारत ढह गई.
वहीं, घटना स्थल पर पहुंचे मृतक मजदूरों परिजनों और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने हादसे पर दुख जताया है. उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवारों की दयनीय स्थिति को देखते हुए उन्हें उचित आर्थिक मुआवजा जल्द से जल्द प्रदान किया जाए.
आशीष शर्मा