बांकीपुर उपचुनाव के नतीजों से पहले सियासी संग्राम छिड़ गया है. जनसुराज संस्थापक प्रशांत किशोर ने प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए. उनका कहना है कि पटना SSP को अगर राजनीति ही करनी है तो नौकरी छोड़ दें. इतना ही नहीं, उन्होंने एसएसपी पर वर्दी में छुपकर चुनाव को प्रभावित करने का आरोप भी लगाया.
सोमवार को बांकीपुर उपचुनाव के नतीजे घोषित होने वाले हैं. लेकिन नतीजे आने से पहले ही जनसुराज संस्थापक और बांकीपुर सीट से प्रत्याशी प्रशांत किशोर ने प्रेस वार्ता कर प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि उपचुनाव के दौरान प्रशासन ने जो गलत काम किए हैं, उसके उनके पास सबूत भी हैं. उन्होंने एसएसपी पर अनप्रोफेशनल होने का आरोप भी लगाया. उनका दावा है कि पुलिस ने 22 नंबर वार्ड में पुलिस ने लोगों को धमकी देकर वोट देने से रोका.
प्रशांत किशोर ने अपनी पूरी प्रेस वार्ता में पटना एसएसपी को घेरा है. उन्होंने कहा, "एसएसपी ने नोटिस जारी किया था कि जो लोग बाहर से चुनाव प्रचार करने आए उन्होंने चुनाव में खलल डाला इसलिए उन्हें हिरासत में लिाय गया. मेरा एसएसपी से सवाल है कि क्या घर में सोने वाला व्यक्ति ने धारा 144 का उल्लंघन कैसे किया?"
यह भी पढ़ें: बांकीपुर में महज 34% वोटिंग... बीजेपी, आरजेडी और प्रशांत किशोर की जन सुराज के लिए क्या मैसेज?
प्रशांत किशोर ने पटना एसएसपी पर राजनीति करने के आरोप लगाए हैं. उन्होंने कहा कि अगर पटना एसएसपी को इतनी राजनीति करनी है तो नौकरी क्यों कर रहे हैं, नौकरी छोड़ दें.
प्रशांत किशोर का कहना है कि वे इस मामले को आगे तक लेकर जाएंगे. उन्होंने बताया है कि वे चुनाव आयोग में जाकर इस मामले की शिकायत करेंगे और सुप्रीम कोर्ट भी जाएंगे. उन्होंने एसएसपी पर वर्दी में छुपकर चुनाव को प्रभावित करने का आरोप भी लगाया. मालूम हो, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा जाने के कारण बांकीपुर सीट खाली हुई और इसपर उपचुनाव हुआ. उपचुनाव के नजीते तीन अगस्त को घोषित किए जाएंगे.
शशि शर्मा