प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को सरकार के मुखिया के तौर पर 25 साल पूरे कर लिए. 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के साथ शुरू हुआ उनका यह सफर जारी है. इस खास मौके पर देश के साथ-साथ विदेशी नेताओं ने भी प्रधानमंत्री मोदी को बधाई दी.
नाइजीरिया के संघीय गणराज्य की सरकार और जनता की ओर से राष्ट्रपति बोला अहमद टिनूबू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सरकार के प्रमुख के तौर पर 25 साल पूरे करने प बधाई दी है. उन्होंने एक्स पर प्रधानमंत्री मोदी की इस उपलब्धि को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि किसी भी लोकतंत्र में लगातार 25 वर्षों तक सरकार के प्रमुख के रूप में नेतृत्व करना एक दुर्लभ उपलब्धि है.
राष्ट्रपति टिनूबू ने कहा कि 7 अक्टूबर 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री और सरकार के प्रमुख के रूप में कार्यभार संभालने के 25 साल पूरे हो रहे हैं. उनकी जनसेवा का यह सफर बिना किसी रुकावट के जारी रहा है. गुजरात की जनता की 12 साल से अधिक समय तक सेवा करने के बाद वह 2014 से भारत के प्रधानमंत्री के रूप में देश का नेतृत्व कर रहे हैं. उन्होंने लिखा कि दुनिया के सबसे अधिक आबादी वाले देश में 25 वर्षों तक लगातार नेतृत्व करना इस बात का मजबूत प्रमाण है कि भारतीय जनता ने प्रधानमंत्री मोदी पर कितना भरोसा जताया है.
जापान के प्रधानमंत्री साना ताकाची ने भी पीएम नरेंद्र मोदी को सरकार के प्रमुख के तौर पर 25 साल पूरे करने पर बधाई दी और उनके लंबे राजनीतिक नेतृत्व की सराहना की. उन्होंने एक्स पर लिखा ' मोदी ने भारतीय समाज और देश के विकास के लिए लगातार काम किया है और भारत के विकास को गति देने के साथ अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश की प्रतिष्ठा मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है.' जापानी प्रधानमंत्री ने जुलाई में अपनी भारत यात्रा के दौरान मिले गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए भी मोदी का आभार जताया.
उन्होंने कहा कि इस यात्रा के दौरान दोनों नेताओं ने जापान-भारत “विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी” को और मजबूत करने के ठोस उपायों पर चर्चा की. उन्होंने बताया कि अगले साल दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना की 75वीं वर्षगांठ है और ‘मुक्त एवं खुले हिंद-प्रशांत’ के लक्ष्य को हासिल करने के लिए जापान और भारत अपनी रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए मिलकर काम करेंगे.
शेरिंग तोबगे ने बताया कि उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सहयोग के लिए उनका आभार जताया था. उन्होंने कहा कि मोदी हमेशा उनके बड़े भाई रहेंगे, न सिर्फ इसलिए कि वह उनसे उम्र में बड़े हैं, बल्कि इसलिए भी क्योंकि उन्होंने उनके साथ बड़े भाई जैसा स्नेह और अपनापन दिखाया, वह उन्हें भगवान विष्णु का अवतार मानते हैं.
बेल्जियम के प्रधानमंत्री ने नरेंद्र मोदी को सरकार के प्रमुख के तौर पर 25 साल पूरे करने पर हार्दिक बधाई दी. उन्होंने एक्स पर लिखा कि मोदी ने गुजरात से नई दिल्ली तक 25 वर्षों तक लगातार सरकार का नेतृत्व किया है. बेल्जियम के प्रधानमंत्री ने पिछले महीने अपनी भारत यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि वह दोनों देशों के बीच मजबूत साझेदारी को आगे और गहरा करने के लिए उत्सुक हैं.
aajtak.in