भारतीय रेलवे के उत्तर मध्य रेलवे (NCR) जोन ने इस बार बढ़िया कमाई की है. पुराना लोहा और कबाड़ बेचकर रेलवे ने रिकॉर्ड 317 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की है. साथ ही बिना टिकट यात्रा करने वालों पर सख्ती बढ़ाकर 148 करोड़ रुपये वसूल किए गए हैं. माल ढुलाई में भी जोन ने 21 मिलियन टन से ज्यादा माल पहुंचाकर नया रिकॉर्ड बनाया है.
उत्तर मध्य रेलवे के रेलवे यार्ड, वर्कशॉप और ट्रैक के किनारे पड़ी पुरानी लोहे की चीजें, पुराने सामान और बेकार माल को नीलामी के जरिए बेचा गया, रेलवे ने इसे “कबाड़ से जुगाड़” का नाम दिया है. इस अभियान से सिर्फ पैसे ही नहीं आए, बल्कि रेलवे के स्टेशन और यार्ड साफ-सुथरे भी हो गए हैं.
इसके अलावा, रेलवे ने बिना टिकट यात्रा पर बड़ी सख्ती की. विशेष टिकट चेकिंग ड्राइव चलाकर बिना टिकट यात्रा करने वालों से 148 करोड़ रुपये से ज्यादा का जुर्माना वसूला गया. अब रेलवे नियम तोड़ने वालों पर नजर रखने की व्यवस्था और मजबूत कर दी गई है.
माल ढुलाई के मामले में भी NCR जोन ने शानदार प्रदर्शन किया. इस बार 21 मिलियन टन से ज्यादा सामान ले जाया गया, जो पिछले कई सालों का सबसे अच्छा आंकड़ा है. इससे रेलवे की आमदनी बढ़ी है और अर्थव्यवस्था को भी सहारा मिला है.
उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) शशिकांत त्रिपाठी ने कहा कि यह सफलता बेहतर प्लानिंग, सख्त निगरानी और पूरी टीम के सामूहिक प्रयास का नतीजा है. हमने हर काम को सही तरीके से प्लान किया और उस पर लगातार नजर रखी. आने वाले समय में भी हम और बेहतर करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं.
आनंद राज